भागलपुर में ई-रिक्शा चालक की हत्या, लूटपाट के दौरान गोली मारने की आशंका



भागलपुर। जिले के सबौर थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक ई-रिक्शा चालक की हत्या कर इलाके में सनसनी फैला दी। घटना इंजीनियरिंग कॉलेज के समीप महर्षि मेंही आश्रम जाने वाले रास्ते पर हुई, जहां एक व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद किया गया। प्रारंभिक आशंका है कि लूटपाट के दौरान अपराधियों ने वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए।

मृतक की पहचान बड़ी गोपालपुर निवासी लक्ष्मण यादव के 50 वर्षीय पुत्र निराला यादव के रूप में हुई है। वह पेशे से ई-रिक्शा चालक थे और अपने वाहन का संचालन स्वयं करते थे। परिजनों के अनुसार निराला यादव रोज की तरह घर से काम के लिए निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। इसके बाद परिवार के लोगों ने उनकी तलाश शुरू की।

बताया गया कि रात करीब 12 बजे उनकी पत्नी ने फोन कर संपर्क किया था। उस समय उन्होंने कहा था कि “ठीक है, अभी रखो।” इसके बाद उनका मोबाइल बंद हो गया और उनसे दोबारा संपर्क नहीं हो सका। रात करीब तीन बजे परिजनों को उनकी हत्या की सूचना मिली।

सूचना मिलने पर परिवार के सदस्य घटनास्थल पहुंचे तो देखा कि ई-रिक्शा सड़क से नीचे नाले की ओर उतरा हुआ था, जबकि निराला यादव खून से लथपथ अवस्था में मुंह के बल पड़े हुए थे। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

मृतक के छोटे भाई रतन यादव ने आशंका जताई है कि उनके भाई की हत्या पीछे से गोली मारकर की गई है। उन्होंने बताया कि पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। कथित तौर पर एक फुटेज में एक युवक को कट्टा लेकर जाते हुए देखा गया है, जिसकी जांच की जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही सबौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थानाध्यक्ष बिट्टू कमल ने बताया कि एक व्यक्ति की हत्या हुई है, लेकिन फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि मौत गोली लगने से हुई है या किसी धारदार हथियार से हमला किए जाने के कारण। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Related Posts

“पुलिस की गुंडागर्दी पर हाईकोर्ट सख्त, कहा- ‘नाजी जर्मनी जैसी नहीं बन सकती पुलिस’; तत्काल FIR और CID जांच के आदेश”

“पुलिस की गुंडागर्दी पर हाईकोर्ट सख्त, कहा- ‘नाजी जर्मनी जैसी नहीं बन सकती पुलिस’; तत्काल FIR और CID जांच के आदेश”

पटना में STF का बड़ा एक्शन: कुख्यात भू-माफिया संतोष डॉन गिरफ्तार, पिस्टल-कारतूस बरामद

पटना में STF का बड़ा एक्शन: कुख्यात भू-माफिया संतोष डॉन गिरफ्तार, पिस्टल-कारतूस बरामद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *