धनबाद में बुजुर्ग दंपति के घर बड़ी चोरी, 5 लाख के जेवरात और 80 हजार नकद लेकर फरार हुए चोर

धनबाद : सरायढेला थाना क्षेत्र के सुगियाडीह मोड़ स्थित राजा तालाब पानी टंकी के समीप चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। चोरों ने घर में सो रहे बुजुर्ग दंपति को भनक तक नहीं लगने दी और अलमारी व बक्से में रखे करीब पांच लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात के साथ 80 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और परिवार में भय का माहौल है।

 

Sponsored Advertisement

जानकारी के अनुसार, घटना के समय गृहस्वामी राजेश महतो और उनकी पत्नी मंजू देवी घर में अकेले सो रहे थे। उनका बेटा गौरव महतो बाहर रहकर काम करता है, जबकि बहू रक्षाबंधन के अवसर पर अपने मायके गई हुई थी। घर में केवल बुजुर्ग दंपति के मौजूद होने का फायदा उठाते हुए चोरों ने देर रात वारदात को अंजाम दिया।

 

परिजनों के मुताबिक, चोर दीवार फांदकर घर के अंदर दाखिल हुए। इसके बाद उन्होंने घर के अलग-अलग कमरों को खंगाला और अलमारी तथा बक्से में रखे सोने-चांदी के कीमती आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। चोरी के बाद चोरों ने घर के मुख्य दरवाजे पर बाहर से छिटकिनी लगा दी, ताकि बुजुर्ग दंपति तत्काल बाहर निकलकर किसी को सूचना न दे सकें। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

 

सुबह जब परिवार को चोरी की जानकारी मिली तो घर में अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद मामले की सूचना सरायढेला थाना पुलिस को दी गई। परिजनों का आरोप है कि आवेदन देने के बावजूद पुलिस की टीम तत्काल घटनास्थल पर जांच के लिए नहीं पहुंची। बाद में 112 नंबर पर कॉल किए जाने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

 

पीड़ित परिवार ने पुलिस से चोरी की घटना को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी और चोरी गए जेवरात व नकदी की बरामदगी की मांग की है।

 

वहीं, स्थानीय लोगों में भी इस घटना को लेकर नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि बुजुर्ग दंपति के घर में रात के समय चोरों का आसानी से घुसना और बड़ी वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाना क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है।

 

अब सरायढेला थाना पुलिस के सामने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य तकनीकी व स्थानीय सुरागों के आधार पर चोरों तक पहुंचकर मामले का जल्द खुलासा करने की चुनौती है।

Related Posts

गोल्फ ग्राउंड में फिर मेले की तैयारी, खिलाड़ियों का विरोध तेज; विधायक ने दी आंदोलन की चेतावनी

धनबाद: शहर के प्रमुख खेल मैदान गोल्फ ग्राउंड रणधीर वर्मा स्टेडियम में एक बार फिर मेले के आयोजन की तैयारी को लेकर विवाद गहराने लगा है। मैदान में गैर-खेल गतिविधियों…

धनबाद स्टेशन पर शराब तस्करी का खुलासा, ट्रेन से 130 लीटर शराब-बीयर बरामद

धनबाद स्टेशन पर शराब तस्करी का खुलासा, ट्रेन से 130 लीटर शराब-बीयर बरामद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *