धनबाद बरवाअड्डा थाना परिसर में 21 अगस्त को फर्जी प्रमाणपत्र को लेकर हुए विवाद के बाद वायरल हुए ऑडियो को लेकर डुमरी विधायक जयराम महतो ने मंगलवार को पलटवार किया। माडा कर्मचारियों के बकाया वेतन के मुद्दे पर धनबाद पहुंचे विधायक ने वायरल ऑडियो को तोड़-मरोड़कर और एडिट कर पेश करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि थाना प्रभारी के साथ करीब 11 मिनट की बातचीत के चुनिंदा हिस्सों को काट-छांटकर वायरल किया गया है।
जयराम महतो ने कहा कि पूरी बातचीत सामने आने पर ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी। उन्होंने इसे निजता का हनन बताते हुए मामले में कानूनी कार्रवाई करने की बात कही। विधायक ने बरवाअड्डा थाना परिसर में 21 अगस्त को हुई घटना की पूरी सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक करने की मांग भी की।
उन्होंने कहा कि थाना परिसर में कई कैमरे लगे हैं और फुटेज से यह स्पष्ट हो सकता है कि उस दिन वास्तव में क्या हुआ था। विधायक ने मारपीट के आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस जरूर हुई थी, लेकिन मारपीट नहीं हुई। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद सच्चाई स्पष्ट हो जाएगी।
वायरल ऑडियो को लेकर विधायक ने दावा किया कि थाना प्रभारी से उनकी करीब 11 मिनट तक मोबाइल पर बातचीत हुई थी, लेकिन बातचीत के कुछ हिस्सों को काटकर और अलग क्रम में प्रस्तुत कर वायरल किया गया। उन्होंने कहा कि निजी बातचीत को संदर्भ से हटाकर सार्वजनिक करना गलत है।
विधायक ने बरवाअड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार पर आम लोगों के साथ कथित दुर्व्यवहार और गाली-गलौज के आरोप भी लगाए। उन्होंने बालू ढोने वाले ट्रैक्टर चालकों से कथित वसूली के आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग की। साथ ही थाना प्रभारी को लेकर कुछ अन्य गंभीर आरोप भी लगाए, जिनकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
जयराम महतो ने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते जनता की शिकायतों को उठाना उनका दायित्व है। उन्होंने निष्पक्ष जांच और 21 अगस्त की पूरी सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक करने की मांग दोहराई।
संवाददाता — राजेश कुमार धनबाद





