विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त होने के बाद आम लोगों की परेशानी को कम करने के लिए भागलपुर जिला प्रशासन ने बरारी घाट पर विशेष व्यवस्था शुरू की है. जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी के निर्देश पर यहां जीविका दीदियों की सामुदायिक रसोई प्रारंभ की गई है, जहां यात्रियों को मात्र 50 रुपए में भरपेट शुद्ध शाकाहारी भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है.
बरारी घाट से नवगछिया आने-जाने वाले यात्रियों के लिए शुरू की गई इस रसोई में थाली के अलावा लिट्टी-चोखा, चूरा फ्राई-घुघनी, सत्तू और चाय जैसी स्थानीय खाद्य सामग्री भी उपलब्ध है. जीविका दीदी लक्ष्मी देवी ने बताया कि शुक्रवार से यह स्टॉल शुरू किया गया है ताकि यात्रा करने वाले लोगों को सस्ता और अच्छा भोजन मिल सके.
इसके साथ ही जिला प्रशासन ने बरारी घाट पर निशुल्क नाव सेवा भी शुरू की है. खासतौर पर किसानों और छोटे व्यापारियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सब्जी, केला और दूध जैसे कृषि उत्पादों के परिवहन के लिए दो बड़ी नावों की व्यवस्था की गई है. नावों का परिचालन सुबह 5 बजे और 5:30 बजे से शुरू किया जा रहा है ताकि किसान समय पर अपने उत्पाद भागलपुर बाजार पहुंचा सकें.
प्रशासन ने कई क्रूज ऑपरेटरों को भी परिचालन की अनुमति दी है. इनके लिए प्रति व्यक्ति किराया 50 रुपए तय किया गया है, जबकि 12 वर्ष से कम आयु के बच्चों के लिए 25 रुपए किराया निर्धारित किया गया है. बाइक, साइकिल और अन्य वाहनों के लिए भी अलग-अलग दर तय की गई है.
यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए घाटों पर एंबुलेंस, पेयजल, शौचालय, नियंत्रण कक्ष और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था की गई है. सुरक्षा कारणों से शाम 5 बजे के बाद नाव परिचालन पर रोक लगा दी गई है, ताकि किसी आपात स्थिति में राहत और बचाव कार्य आसानी से किया जा सके.
