बिहार के मुजफ्फरपुर में बीजेपी विधायक रंजन कुमार को कथित तौर पर जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है. विधायक ने दो युवकों के खिलाफ अलग-अलग थानों में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है. वहीं, दूसरे पक्ष ने भी विधायक और उनके समर्थकों पर मारपीट और घर में घुसने का आरोप लगाया है. मामले की जांच अब पुलिस और साइबर यूनिट कर रही है.
विधायक रंजन कुमार का आरोप है कि सोशल मीडिया पर उनकी छवि खराब करने के उद्देश्य से लगातार भ्रामक और आपत्तिजनक पोस्ट डाले जा रहे थे. उन्होंने कहा कि जब उन्होंने इन पोस्ट का विरोध किया, तो उन्हें AK-47 राइफल से जान से मारने की धमकी दी गई. विधायक ने मुकुंद कुमार और पताही क्षेत्र के एक अन्य युवक को आरोपी बनाया है.
शिकायत में विधायक ने कहा कि मुकुंद कुमार लगातार मुजफ्फरपुर विधानसभा क्षेत्र और उनसे जुड़े आपत्तिजनक पोस्ट शेयर कर रहा था. उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी तस्वीरों का गलत इस्तेमाल कर बदनाम करने की कोशिश की जा रही थी. विधायक के अनुसार, स्थानीय लोगों द्वारा कई बार समझाने के बावजूद आरोपी अपनी हरकतों से बाज नहीं आया.
इसी सिलसिले में विधायक अपने समर्थकों और कुछ स्थानीय लोगों के साथ आरोपी के घर पूछताछ करने पहुंचे थे. विधायक का आरोप है कि वहां आरोपी और उसके साथ मौजूद लोगों ने गाली-गलौज और मारपीट की. साथ ही आरोपी ने कथित तौर पर कहा कि वह पहले भी AK-47 रखने के मामले में जेल जा चुका है और दोबारा सभी को गोलियों से भून देगा.
दूसरी ओर, मुकुंद कुमार ने भी जवाबी शिकायत दर्ज कराते हुए विधायक और उनके समर्थकों पर जबरन घर में घुसने और मारपीट करने का आरोप लगाया है.
मामले की पुष्टि करते हुए मिठनपुरा थाना के एसएचओ ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से एफआईआर दर्ज की गई है. उन्होंने कहा कि जांच डिजिटल सबूतों, सोशल मीडिया अकाउंट्स और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर की जाएगी. पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच जारी है और आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी।
