नालंदा में चार दिनों से लापता एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है. मामला मानपुर थाना क्षेत्र के तेतरावां खंधा का है, जहां पुलिस ने एक शव बरामद किया. मृतक की पहचान अस्थावां थाना क्षेत्र निवासी 45 वर्षीय सोनू कुमार, पिता सुरेश राम, के रूप में हुई है. शव के पॉकेट से मिले पहचान पत्र और आवेदन के आधार पर पहचान की गई.
परिजनों ने गांव के ही दबंग भू-माफिया मुकेश यादव पर अपहरण कर पीट-पीटकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है. मृतक के मौसेरे भाई सबलू कुमार ने बताया कि आरोपी ने सोनू कुमार की 13 कट्ठा जमीन पर कब्जा कर लिया था. आरोप है कि पहले 8 कट्ठा जमीन अपने नाम लिखवा ली गई, लेकिन उसका पैसा नहीं दिया गया. जब सोनू ने बकाया रकम मांगी तो आरोपी ने बाकी 5 कट्ठा जमीन भी जबरन जोत लिया. जमीन के एवज में करीब 13 लाख रुपये बकाया बताए जा रहे हैं.
परिजनों के अनुसार, 24 अप्रैल को गांव में इस विवाद को लेकर पंचायती भी हुई थी, जिसमें दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और हाथापाई हुई थी. इसके बाद से सोनू कुमार को लगातार धमकियां मिल रही थीं. सबलू कुमार ने बताया कि पिछले 25 अप्रैल को ही सोनू के बेटे की शादी हुई थी. शादी के कुछ दिनों बाद से ही वह लापता था.
शव मिलने के बाद परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि सोनू के शरीर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं. हाथ टूटा हुआ था, सिर पर गहरे जख्म थे और गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका है.
घटना की सूचना मिलते ही मानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहार शरीफ मॉडल अस्पताल भेज दिया. पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया हत्या कहीं और कर शव को खंधा में फेंके जाने की आशंका है. एफएसएल टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है. पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है.
