बिहार के समस्तीपुर रेल मंडल के सराय रेलवे स्टेशन के पास रेलवे फाटक पर अवैध तरीके से हाईटेक CCTV कैमरा लगाए जाने का मामला सामने आया है. कैमरा सोलर पैनल से संचालित हो रहा था और उसमें सिम कार्ड भी लगा था. घटना सामने आते ही रेल प्रशासन और आरपीएफ महकमे में हड़कंप मच गया है. फिलहाल पुलिस और रेलवे सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जांच में जुटी हैं.

जानकारी के अनुसार, 7 मई 2026 की दोपहर करीब 2 बजे समपार फाटक संख्या-43 SPL पर तैनात गेटमैन संतोष कुमार ने स्टेशन अधीक्षक को सूचना दी कि दो अज्ञात व्यक्ति पश्चिमी हाइट गेज पोल पर CCTV कैमरा लगाकर वहां से फरार हो गए. सूचना मिलते ही स्टेशन अधीक्षक मनोज कुमार सिंह और आरपीएफ कर्मी मौके पर पहुंचे. जांच में पाया गया कि करीब 10 फीट ऊंचाई पर पोल में सोलर प्लेट के साथ छोटा कैमरा लगाया गया था.

मामले की गंभीरता को देखते हुए आरपीएफ ओपी भगवानपुर के उप निरीक्षक बिपिन कुमार ने संबंधित विभागों से जांच कराई. सत्यापन में सामने आया कि कैमरा रेलवे की अनुमति के बिना अवैध तरीके से लगाया गया था. इसके बाद 8 मई की रात करीब 12:15 बजे गवाहों की मौजूदगी में कैमरा और उससे जुड़े उपकरण जब्त कर लिए गए.

जब्त सामान में सोलर स्टैंड कैमरा, Active Pixel ID, IMEI नंबर, सिम कार्ड, 32 जीबी माइक्रो SD कार्ड और लगभग 10×6 इंच का सोलर पैनल शामिल है. शुरुआती जांच में पता चला है कि कैमरा सिम के जरिए लाइव ऑपरेट हो रहा था.

मुजफ्फरपुर रेल एसएसपी वीणा कुमारी ने कैमरा जब्त किए जाने की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि स्टेशन अधीक्षक के आवेदन पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कैमरा किसने लगाया, उसका उद्देश्य क्या था और इसके पीछे कोई बड़ी साजिश तो नहीं है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *