पटना में बिहार सरकार के नए स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने शुक्रवार को औपचारिक रूप से स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी संभाल ली। विभाग पहुंचने पर स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव लोकेश कुमार सिंह ने पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया। इस दौरान विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे। मंत्री बनने के बाद पहली बार विभाग पहुंचे निशांत कुमार ने अधिकारियों से परिचय लिया और विभागीय कार्यों की शुरुआती जानकारी हासिल की।
मीडिया से बातचीत में निशांत कुमार ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और पार्टी नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी दी गई है, उस पर वह पूरी ईमानदारी से खरा उतरने की कोशिश करेंगे। उन्होंने कहा कि फिलहाल उनका पहला लक्ष्य विभाग की कार्यप्रणाली को समझना और सीखना है। इसके बाद जनता के हित में जरूरी फैसले लिए जाएंगे।
निशांत कुमार ने कहा कि उनके पिता और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश Kumar ने बिहार के विकास के लिए लंबे समय तक काम किया है। शिक्षा और स्वास्थ्य सहित कई क्षेत्रों में हुए कार्यों को आगे बढ़ाना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी निष्ठा के साथ काम करेंगे।
उन्होंने कहा कि ‘समृद्धि यात्रा’ और ‘सात निश्चय-3’ के दौरान स्वास्थ्य क्षेत्र में किए गए वादों को जमीन पर उतारने का प्रयास किया जाएगा। सरकारी अस्पतालों में इलाज की बेहतर व्यवस्था और आम लोगों तक सुविधाएं पहुंचाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। जरूरत पड़ने पर दूसरे विभागों के साथ समन्वय बनाकर भी काम किया जाएगा।
स्वास्थ्य मंत्री ने माना कि बिहार के स्वास्थ्य क्षेत्र में अभी कई चुनौतियां मौजूद हैं। लोगों को इलाज और सुविधाओं को लेकर परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में उनकी कोशिश होगी कि समस्याओं को समझकर उनका समाधान निकाला जाए और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाया जाए।
