पश्चिम बंगाल की राजनीति में ऐतिहासिक बदलाव के बीच कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित भाजपा सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में एक भावुक और दिल छू लेने वाला नजारा देखने को मिला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जैसे ही मंच पर पहुंचे, उनकी नजर वहां मौजूद 98 वर्षीय वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता माखनलाल सरकार पर पड़ी। पीएम मोदी तुरंत उनके पास पहुंचे, उन्हें गले लगाया, शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया और फिर उनके चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान मंच पर मौजूद सभी लोग भावुक हो उठे और माखनलाल सरकार की आंखें भी नम हो गईं।

 

दरअसल, माखनलाल सरकार भाजपा और जनसंघ के शुरुआती दौर के समर्पित कार्यकर्ताओं में रहे हैं। साल 1952 में कश्मीर में भारतीय तिरंगा फहराने के आंदोलन के दौरान वे श्यामा प्रसाद मुखर्जी के साथ गिरफ्तार भी हुए थे। भाजपा के गठन के बाद उन्होंने पश्चिम दिनाजपुर, जलपाईगुड़ी और दार्जिलिंग जिलों में संगठन को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई। बताया जाता है कि सिर्फ एक साल में उन्होंने करीब 10 हजार नए सदस्यों को पार्टी से जोड़ा था।

 

इतना ही नहीं, वर्ष 1981 से लगातार सात साल तक वे जिलाध्यक्ष के पद पर बने रहे, जबकि उस दौर में पार्टी में कोई भी नेता आमतौर पर दो साल से ज्यादा एक ही संगठनात्मक पद पर नहीं रहता था। ऐसे में पीएम मोदी द्वारा सार्वजनिक मंच से उनका सम्मान करना भाजपा की संगठन संस्कृति और पुराने कार्यकर्ताओं के प्रति सम्मान का बड़ा संदेश माना जा रहा है।

 

वहीं दूसरी ओर, पश्चिम बंगाल की राजनीति में बड़ा बदलाव करते हुए भाजपा विधायक दल के नेता शुभेंदु अधिकारी ने राज्य के पहले भाजपा मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली। 2026 विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 207 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि 15 साल से सत्ता में रही तृणमूल कांग्रेस 80 सीटों पर सिमट गई। शुभेंदु अधिकारी ने भवानीपुर सीट से ममता बनर्जी को 15 हजार से ज्यादा वोटों से हराकर बड़ी राजनीतिक जीत हासिल की।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *