बिहार की राजधानी पटना में TRE-4 शिक्षक भर्ती को लेकर प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया। इस कार्रवाई में कई अभ्यर्थी घायल हो गए। अभ्यर्थी लंबे समय से चौथे चरण की शिक्षक बहाली परीक्षा के विज्ञापन जारी करने की मांग कर रहे हैं। प्रदर्शनकारी पटना साइंस कॉलेज से मार्च करते हुए जेपी गोलंबर पहुंचे और वहां से बीपीएससी कार्यालय का घेराव करने आगे बढ़ रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए बल प्रयोग किया।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे छात्र नेता दिलीप कुमार को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। हिरासत में जाने से पहले उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार लोक सेवा आयोग लाखों अभ्यर्थियों को गुमराह कर रहा है। उनका कहना है कि आयोग ने 25 अप्रैल तक नोटिफिकेशन जारी करने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक विज्ञापन जारी नहीं किया गया।
बता दें कि TRE-4 के तहत राज्य में कुल 46 हजार 882 पदों पर बहाली होनी है। इसमें प्राथमिक, मध्य, माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों के पद शामिल हैं। परीक्षा सितंबर महीने में प्रस्तावित बताई जा रही है, लेकिन अब तक आधिकारिक अधिसूचना जारी नहीं होने से अभ्यर्थियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
अभ्यर्थियों का कहना है कि वे पिछले दो वर्षों से भर्ती प्रक्रिया का इंतजार कर रहे हैं। पटना में रहकर तैयारी करने वाले छात्रों पर आर्थिक बोझ लगातार बढ़ रहा है। कई छात्रों ने कहा कि किराया, कोचिंग और खाने-पीने का खर्च उठाना मुश्किल हो गया है, जिसके कारण कुछ अभ्यर्थी तैयारी छोड़कर घर लौटने को मजबूर हैं।
वहीं, बिहार के नए शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने अभ्यर्थियों को आश्वासन दिया है कि TRE-4 की बहाली जल्द होगी। उन्होंने कहा कि एक सप्ताह के भीतर बैठक कर समाधान निकाला जाएगा और जल्द विज्ञापन जारी किया जाएगा।
