पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए tejasvi Yadav ने सम्राट मंत्रिमंडल को लेकर एनडीए सरकार पर तीखा हमला बोला। आरजेडी नेता ने आरोप लगाया कि नई सरकार में परिवारवाद को बढ़ावा दिया गया है और कई ऐसे नेताओं के परिजन मंत्री बनाए गए हैं, जो न चुनाव जीतकर आए हैं और न ही किसी सदन के सदस्य हैं।

तेजस्वी यादव ने कहा कि भाजपा और एनडीए लंबे समय से आरजेडी पर परिवारवाद का आरोप लगाते रहे हैं, लेकिन अब खुद उन्हीं की सरकार में बड़ी संख्या में परिवारवादी चेहरे शामिल हैं। बिना नाम लिए उन्होंने निशांत और दीपक प्रकाश का जिक्र करते हुए कहा कि “अब नेता के बेटे सीधे मंत्री बन रहे हैं। ऐसे में भाजपा बताए कि उसका परिवारवाद वाला सिद्धांत कहां गया?”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए तेजस्वी ने कहा कि अब उन्हें बिहार के तीन पूर्व मुख्यमंत्रियों के बेटों को भी “शहजादा”, “राजकुमार” और “युवराज” कहना पड़ेगा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा खुद परिवारवाद की राजनीति कर रही है, जिसे बिहार की जनता भी देख रही है।

नेता प्रतिपक्ष ने सरकार पर विकास के मुद्दे पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि नौकरी की मांग कर रहे छात्रों पर पटना में लाठीचार्ज किया गया, लेकिन सरकार कोई जवाब नहीं दे रही है। तेजस्वी ने आरोप लगाया कि सरकार के पास विकास का कोई विजन नहीं है और बिहार की जनता अब इस सरकार से निराश हो चुकी है। उन्होंने बिजली बिल बढ़ाने और राज्य का खजाना खाली होने का भी दावा किया।

गौरतलब है कि गुरुवार को गांधी मैदान में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में 32 नए मंत्रियों ने शपथ ली। इनमें बीजेपी के 15, जेडीयू के 13, एलजेपीआर के 2 और हम-आरएलएम के एक-एक मंत्री शामिल हैं। दो मंत्री पहले ही शपथ ले चुके थे, जिसके बाद मुख्यमंत्री समेत मंत्रिमंडल की कुल संख्या 34 हो गई है। तेजस्वी यादव का दावा है कि इनमें से 17 मंत्री परिवारवाद की राजनीति से जुड़े हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *