बिहार के नवादा में साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। नवादा साइबर थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय साइबर ठगी गिरोह से जुड़े एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित एसआईटी टीम ने की।
हेडक्वार्टर डीएसपी निशु मलिक ने बताया कि आर्थिक अपराध इकाई यानी ईओयू, पटना से सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध बैंक खाते के जरिए कई राज्यों में साइबर ठगी की जा रही है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तकनीकी जांच, बैंकिंग डिटेल, साइबर पोर्टल और ह्यूमन इंटेलिजेंस के आधार पर जांच शुरू की।
जांच में पता चला कि ‘सोनाली इंटरप्राइजेज’ नाम का बैंक खाता नगर थाना क्षेत्र के कोनिया पर निवासी बालवीर प्रसाद के नाम से संचालित हो रहा था। इसके बाद 8 मई 2026 को एसआईटी ने छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी ऑनलाइन निवेश, शेयर मार्केट और अधिक मुनाफे का झांसा देकर लोगों को ठगता था। ठगी की रकम इसी बैंक खाते में मंगाई जाती थी। पुलिस जांच में महाराष्ट्र और राजस्थान समेत कई राज्यों के लोगों से ठगी की पुष्टि हुई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खाते में करीब 1 करोड़ 4 लाख रुपये का संदिग्ध ट्रांजेक्शन मिला है, जबकि अन्य राज्यों के पीड़ितों से मिली जानकारी में लगभग 10 करोड़ रुपये की साइबर ठगी की बात सामने आई है।
फिलहाल साइबर पुलिस निरीक्षक प्रभा कमारी पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हैं और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है। पुलिस ने लोगों से ऑनलाइन निवेश और अनजान लिंक से सतर्क रहने की अपील की है।
