बिहार के गया में एक तिलक समारोह की खुशियां उस समय अफरा-तफरी में बदल गईं, जब समारोह में खाना खाने के बाद 50 से अधिक लोगों की अचानक तबीयत बिगड़ गई. घटना जिले के गुरुआ प्रखंड के धाना बीघा गांव की है, जहां रमेश दास के घर तिलक समारोह का आयोजन किया गया था.

बताया जा रहा है कि मेहमान भोजन कर रहे थे, तभी कुछ लोगों को अचानक पेट दर्द, उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी. देखते ही देखते एक-एक कर कई लोग बीमार पड़ गए, जिससे पूरे समारोह में हड़कंप मच गया. परिवार के लोग तुरंत बीमार लोगों को लेकर अस्पताल पहुंचे और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) को सूचना दी गई.

चिकित्सकों के अनुसार मामला फूड पॉइजनिंग का है. तिलक समारोह में परोसे गए भोजन को खाने के बाद लोगों की तबीयत बिगड़ी. सूचना मिलते ही मेडिकल टीम सक्रिय हो गई और एंबुलेंस की मदद से मरीजों को गुरुआ सीएचसी पहुंचाया गया. कुछ लोगों ने निजी क्लीनिकों में भी इलाज कराया.

गुरुआ सीएचसी के प्रभारी डॉ. हरेंद्र कुमार ने बताया कि अचानक बड़ी संख्या में मरीजों के पहुंचने के बावजूद अस्पताल में युद्धस्तर पर इलाज शुरू किया गया. मरीजों को प्राथमिक उपचार देने के साथ लगातार निगरानी भी की जा रही है.

इलाज करा रही पीड़िता सुनीता देवी ने बताया कि खाना खाने के थोड़ी देर बाद ही तेज पेट दर्द और उल्टी शुरू हो गई. उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति पहले कभी नहीं हुई थी, जिससे सभी लोग घबरा गए थे. हालांकि समय पर इलाज मिलने से अब हालत में सुधार है.

डॉ. नीतीश कुमार के मुताबिक फिलहाल सभी मरीजों की स्थिति सामान्य है और घबराने जैसी कोई बात नहीं है. अस्पताल में 45 वर्षीय सुनीता देवी, 17 वर्षीय रोशन कुमार, 44 वर्षीय प्रेमनी देवी और 10 वर्षीय अंकुश कुमार समेत कुल 33 लोगों का इलाज चल रहा है.

घटना के बाद अस्पताल प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. डॉक्टरों की टीम लगातार मरीजों की मॉनिटरिंग कर रही है. प्रशासन ने लोगों से खान-पान में सावधानी बरतने और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *