बिहार के Motihari जिले के ढाका प्रखंड स्थित बड़हरवा फतेह मोहम्मद गांव में शुक्रवार देर रात दर्दनाक हादसा हो गया। यहां एक दो मंजिला होलसेल जनरल स्टोर में अचानक भीषण आग लग गई, जिसमें दो मासूम बच्चों और दुकान में काम करने वाले एक स्टाफ की जिंदा जलकर मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
बताया जा रहा है कि देर रात अचानक दुकान से आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। दुकान में किराना, प्लास्टिक, कॉस्मेटिक और अन्य ज्वलनशील सामान रखे होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। उस समय सभी लोग सो रहे थे, जिससे उन्हें बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला।
आग और धुएं की ऊंची लपटें देखकर गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीण बाल्टियों और पाइप के सहारे आग बुझाने की कोशिश करते रहे, लेकिन आग इतनी भयानक थी कि कोई अंदर नहीं जा सका। सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक दुकान का सारा सामान जलकर राख हो चुका था। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक लाखों रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।
हादसे में जान गंवाने वाले स्टाफ के चाचा ने बताया कि उनका भतीजा पिछले पांच महीने से दुकान में काम कर रहा था। उन्होंने कहा कि रात में अचानक आग लग गई, जिसमें उनके भतीजे और दुकान मालिक के बेटे-बेटी की जलकर मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही ढाका थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। एसडीओ और बीडीओ ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच जारी है। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, जबकि फॉरेंसिक टीम भी मामले की जांच में जुटी हुई है।
