बिहार की राजनीति में गुरुवार का दिन बेहद अहम रहा, जब मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अगुवाई वाली एनडीए सरकार में मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा कर दिया गया। इस बार सबसे ज्यादा चर्चा दो बड़े विभागों को लेकर हो रही है। वर्षों से जेडीयू के पास रहने वाला शिक्षा विभाग अब बीजेपी के खाते में चला गया है, जबकि स्वास्थ्य विभाग बीजेपी से निकलकर जेडीयू को मिला है। राजनीतिक गलियारों में इसे बड़ा बदलाव माना जा रहा है।
पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार ने पहली बार मंत्री पद की शपथ लेने के बाद स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी संभाली है। वहीं बीजेपी के वरिष्ठ नेता और बैकुंठपुर विधायक मिथिलेश तिवारी को शिक्षा मंत्री बनाया गया है। पूर्व उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा को कृषि विभाग की कमान सौंपी गई है।
सरकार में नीतीश मिश्रा को नगर विकास एवं आवास विभाग दिया गया है, जबकि बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल को राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की जिम्मेदारी मिली है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गृह विभाग, सामान्य प्रशासन, निगरानी समेत कई अहम विभाग अपने पास ही रखे हैं।
रामकृपाल यादव को सहकारिता विभाग का जिम्मा मिला है। बुलो मंडल को ऊर्जा मंत्री बनाया गया है, जबकि इंजीनियर शैलेन्द्र कुमार को पथ निर्माण विभाग सौंपा गया है। विजय कुमार चौधरी को जल संसाधन और संसदीय कार्य विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। लेशी सिंह भवन निर्माण मंत्री बनाई गई हैं।
श्रवण कुमार को ग्रामीण विकास मंत्रालय मिला है। दामोदर रावत परिवहन मंत्री बनाए गए हैं। संजय सिंह टाइगर को उच्च शिक्षा एवं विधि विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। अशोक चौधरी को खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग सौंपा गया है। भगवान सिंह कुशवाहा योजना एवं विकास मंत्री बनाए गए हैं।
मदन सहनी को मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग दिया गया है। संतोष कुमार सुमन को लघु जल संसाधन विभाग की जिम्मेदारी मिली है। रमा निषाद को पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग सौंपा गया है। रत्नेश सदा को आपदा प्रबंधन विभाग मिला है, जबकि शीला मंडल को विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।
केदार प्रसाद गुप्ता को पर्यटन विभाग दिया गया है। सुनील कुमार ग्रामीण कार्य मंत्री बनाए गए हैं। श्रेयसी सिंह को उद्योग एवं खेल विभाग की कमान सौंपी गई है। मो. जमा खान को अल्पसंख्यक कल्याण विभाग मिला है। नंद किशोर राम को डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग दिया गया है।
प्रमोद कुमार को खान एवं भूतत्व के साथ कला एवं संस्कृति विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। स्वेता गुप्ता को समाज कल्याण विभाग मिला है। दीपक प्रकाश को पंचायती राज विभाग सौंपा गया है। संजय कुमार को गन्ना उद्योग विभाग मिला है, जबकि संजय कुमार सिंह को लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। रामचंद्र प्रसाद को पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग सौंपा गया है।
नई सरकार में विभागों के इस बंटवारे को आगामी चुनावी रणनीति और सामाजिक समीकरणों से जोड़कर देखा जा रहा है। खास तौर पर निशांत कुमार की एंट्री और शिक्षा-स्वास्थ्य विभागों की अदला-बदली ने बिहार की राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी है।
