गंगापार क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां प्रेम संबंध में विश्वासघात की ऐसी कहानी सामने आई जिसने सभी को झकझोर कर रख दिया। 23 वर्षीय युवक अस्मित वर्मा ने अपनी 17 वर्षीय नाबालिग प्रेमिका खुशी पाल की बेरहमी से हत्या कर दी और शव को शारदा सहायक नहर किनारे जंगल की झाड़ियों में फेंक दिया। आरोपी ने प्रेम और शादी का सपना दिखाकर पहले युवती को घर से भगाया, फिर सुनसान इलाके में ले जाकर मौत के घाट उतार दिया।

घटना सरायइनायत थाना क्षेत्र के जमुनीपुर गांव की है। मृतका खुशी पाल, लक्ष्मी नारायण पाल की बेटी थी। बताया जा रहा है कि 20 अप्रैल की रात अस्मित वर्मा उसे घर से भगा ले गया था। खुशी की मां सुनीता पाल ने पहले ही सरायइनायत थाने में अस्मित वर्मा और उसकी साथी रिया के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कराया था। मां ने पुलिस को बताया था कि आरोपी उनकी बेटी से लगातार बातचीत करता था और उसे अपने प्रेमजाल में फंसा रखा था।

परिजनों के अनुसार खुशी घर से नकद रुपये और बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के गहने लेकर गई थी। इसमें सोने की चेन, अंगूठियां, झुमके, करधन और कई चांदी के आभूषण शामिल थे। मां को पहले से आशंका थी कि आरोपी गहनों के लालच में उनकी बेटी को नुकसान पहुंचा सकता है।

पुलिस लगातार दोनों की तलाश में जुटी थी। गुरुवार को आरोपी अस्मित वर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने नहर किनारे झाड़ियों से खुशी का सड़ा-गला शव बरामद किया।

डीसीपी गंगानगर के अनुसार, आरोपी के परिवार वालों को दोनों के प्रेम संबंध की जानकारी हो गई थी, जिसके बाद अस्मित की पिटाई भी हुई थी। इसी बीच खुशी शादी के लिए दबाव बना रही थी। इससे परेशान होकर आरोपी ने उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची। उसने पहले चाकू से हमला किया, फिर दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या कर दी और शव को झाड़ियों में छिपा दिया।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *