भागलपुर जिले के सुल्तानगंज प्रखंड में गंगा नदी में डूबने की दो अलग-अलग घटनाओं से इलाके में हड़कंप मच गया है। दोनों घटनाओं में दो किशोरों के डूबने की खबर है, जिसके बाद परिजनों में कोहराम मच गया है और गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।

 

पहली घटना नमामि गंगे घाट के समीप मुरली पहाड़ के पास की है, जहां शाहाबाद मुंशीपट्टी निवासी 16 वर्षीय गुलशन कुमार गंगा में नहाने के दौरान गहरे पानी में चला गया और डूब गया। गुलशन के पिता का नाम ओपीन्द्र मंडल बताया जा रहा है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने काफी प्रयास किया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका।

 

वहीं दूसरी घटना महेशी पंचायत स्थित एक ईंट भट्ठा के पास की है, जहां काम कर रहे एक मजदूर का 15 वर्षीय पुत्र फन्टुश कुमार भी गंगा में डूब गया। फन्टुश कुमार बांका जिले के शंभुगंज थाना क्षेत्र के कैथा गांव का रहने वाला बताया जा रहा है। वह अपने परिवार के साथ ईंट भट्ठा पर रहकर मजदूरी कर रहा था।

 

दोनों घटनाओं की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और गंगा नदी में डूबे दोनों किशोरों की तलाश शुरू कर दी गई है। देर शाम तक गोताखोरों और एसडीआरएफ की टीम द्वारा सर्च ऑपरेशन जारी रहा, लेकिन खबर लिखे जाने तक दोनों का कोई पता नहीं चल सका है।

 

इस घटना के बाद दोनों परिवारों में रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों का कहना है कि कुछ ही पलों में उनका सब कुछ उजड़ गया। स्थानीय लोग भी इस हादसे से स्तब्ध हैं और प्रशासन से घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।

 

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि गंगा में नहाने के दौरान सावधानी बरतें और गहरे पानी में जाने से बचें, ताकि इस तरह की दुखद घटनाओं को रोका जा सके।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *