भागलपुर में अतिक्रमण के खिलाफ जिला प्रशासन की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। इसी कड़ी में आज शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में शामिल तिलकामांझी चौक स्थित रिमझिम होटल पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चला दिया। नगर निगम की जमीन पर बने इस होटल को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। कई नोटिस और चेतावनी के बावजूद जब होटल खाली नहीं किया गया, तब कोर्ट के आदेश के बाद प्रशासन ने यह सख्त कदम उठाया।
जानकारी के अनुसार, तिलकामांझी चौक स्थित रिमझिम होटल नगर निगम की जमीन पर 99 साल की लीज पर संचालित किया जा रहा था। लेकिन लीज की अवधि समाप्त हो जाने के बाद भी होटल संचालक द्वारा परिसर को खाली नहीं किया गया।
नगर निगम की ओर से कई बार होटल संचालक को नोटिस भेजा गया और परिसर खाली करने के निर्देश दिए गए। बावजूद इसके होटल खाली नहीं किया गया, जिसके बाद मामला न्यायालय तक पहुंच गया।
कोर्ट से आदेश मिलने के बाद आज नगर निगम और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। कार्रवाई के दौरान तीन थानों की पुलिस, दंडाधिकारी और कई प्रशासनिक अधिकारी तैनात रहे।
सुरक्षा के मद्देनजर पूरे इलाके को घेर लिया गया ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके। इसके बाद बुलडोजर की मदद से होटल के अवैध कब्जे वाले हिस्से को ध्वस्त किया गया।
कार्रवाई के दौरान आसपास के लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। हालांकि पुलिस की सतर्कता और प्रशासन की मुस्तैदी के कारण स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रही।
प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि शहर में किसी भी तरह का अवैध कब्जा और अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सरकारी जमीन पर कब्जा करने वालों या लीज समाप्त होने के बाद भी कब्जा बनाए रखने वालों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
भागलपुर में प्रशासन की यह कार्रवाई साफ संकेत है कि अब सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों के लिए कोई राहत नहीं होगी। आने वाले दिनों में शहर के अन्य अतिक्रमण स्थलों पर भी इसी तरह बुलडोजर कार्रवाई देखने को मिल सकती है।
