बिहार के रोहतास जिले में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जहां यात्री बस और ट्रक की आमने-सामने टक्कर में एक बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा बिक्रमगंज-डेहरी मुख्य सड़क मार्ग पर नासरीगंज थाना क्षेत्र के इतिम्हा गांव के पास हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस और ट्रक दोनों के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

 

बताया जा रहा है कि औरंगाबाद के मौरई गांव से एक तिलक समारोह में शामिल होकर लोग बस से भोजपुर जिले के जगदीशपुर लौट रहे थे। इसी दौरान नासरीगंज के पास सामने से आ रहे एक खाली ट्रक से बस की सीधी भिड़ंत हो गई। हादसे के वक्त सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे।

 

इस हादसे में बस में सवार रामेश्वर मिश्रा नामक एक बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ट्रक चालक चंद्र प्रकाश यादव, खलासी भोला कुमार समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने सभी घायलों को तत्काल सासाराम सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।

 

पुलिस के अनुसार ट्रक चालक चंद्र प्रकाश यादव उत्तर प्रदेश के संत कबीर नगर जिले के बसवारी गांव का रहने वाला है, जबकि घायल खलासी भोला कुमार गोरखपुर का निवासी है। हादसे के बाद बस में सवार कुछ लोगों ने गुस्से में ट्रक चालक की पिटाई भी कर दी।

 

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया गया है। यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और लापरवाही से वाहन चलाने के गंभीर परिणामों को सामने लाता है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *