देश की राजधानी दिल्ली में बिहार के एक युवक की गोली मारकर हत्या के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। इस घटना को लेकर भोजपुरी अभिनेता Khesari Lal Yadav ने तीखी प्रतिक्रिया दी है और इसे बिहारी समाज के साथ भेदभाव बताया है।
बताया जा रहा है कि दिल्ली के जाफरपुर कलां इलाके में 21 वर्षीय फूड डिलीवरी वर्कर पांडव कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल में तैनात हेड कांस्टेबल नीरज बलहारा ने जातिसूचक और क्षेत्रीय गालियां देने के बाद अपनी सर्विस पिस्टल से गोली चला दी। इस गोलीबारी में पांडव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त कृष्ण गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना रविवार सुबह करीब ढाई बजे की है। पांडव और उसका दोस्त एक बच्चे की बर्थडे पार्टी से लौट रहे थे और सड़क किनारे खड़े होकर दोस्तों से बात कर रहे थे। इसी दौरान आरोपी नीरज वहां पहुंचा और बहस शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी चिल्लाने लगा— “तुम बिहारी हो, यहां से चले जाओ” और गाली-गलौज करने लगा। इसके बाद उसने पांडव पर बेहद करीब से गोली चला दी।
गोली पांडव की छाती को चीरते हुए निकल गई और पीछे बैठे कृष्ण के पेट में जा लगी। दोनों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने पांडव को मृत घोषित कर दिया।
इस घटना पर खेसारी लाल यादव ने सोशल मीडिया पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा— “अगर बिहारी एक दिन की हड़ताल पर चले जाएं, तो राजधानी रुक जाएगी। कोई भी नेता बिहारी वोटरों के बिना नहीं जीत सकता, लेकिन इस मुद्दे पर सबके मुंह बंद हैं। क्या यही विकास है, जहां इतनी नफरत और भेदभाव है?”
मृतक की मां मीना देवी ने न्याय की मांग करते हुए कहा कि सिर्फ बिहार से होने की वजह से उनके बेटे की जान ले ली गई। परिवार और स्थानीय लोग आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने आरोपी को रोहतक के पास से गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।
