बिहार के सहरसा जिले से जमीन विवाद में खूनी संघर्ष की बड़ी खबर सामने आई है। जलई थाना क्षेत्र के लिलजा वार्ड नंबर 5 में महज दस धुर जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें एक महिला समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

 

बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच इस जमीन को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। शनिवार को बांसडीह पर काम कराने के दौरान एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। पहले कहासुनी हुई, फिर देखते ही देखते विवाद हिंसक झड़प में बदल गया।

 

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोग पहले से ही हमले की तैयारी में थे। करीब 8 से 10 लोगों ने मिलकर अचानक हमला बोल दिया। इस दौरान आरोपियों ने न सिर्फ लाठी-डंडों से मारपीट की, बल्कि आंखों में मिर्च पाउडर डालकर हमला किया, जिससे लोग खुद को बचा भी नहीं सके।

 

इस हमले में मो. सायर, उम्र 45 वर्ष, अमिरूण निशां, उम्र 55 वर्ष और सबीहा खातून गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत महिषी पीएचसी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सहरसा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल सभी का इलाज जारी है।

 

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। जलई थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से आवेदन प्राप्त हुआ है और मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

गांव में इस घटना के बाद तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना दोबारा न हो।

 

फिलहाल सवाल यही है कि आखिर महज दस धुर जमीन के लिए इंसानियत इस हद तक कैसे पहुंच गई कि लोग एक-दूसरे की जान लेने पर उतारू हो गए।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *