भागलपुर पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए अपहृत नाबालिग लड़की को मध्य प्रदेश के भोपाल से सकुशल बरामद कर लिया है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय, भागलपुर द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में इस कार्रवाई की जानकारी दी गई।

 

पुलिस के अनुसार, 21 दिसंबर 2025 को जोगसर थाना क्षेत्र से एक नाबालिग लड़की के लापता होने की सूचना मिली थी। परिजनों की शिकायत पर जोगसर थाना कांड संख्या 328/25 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया।

 

जांच के दौरान पुलिस को कई अहम सुराग मिले। अप्रैल 2026 में यह खुलासा हुआ कि अपहृत लड़की के नाम से फर्जी आधार कार्ड तैयार किया गया है, जिसमें उसकी उम्र 21 वर्ष दर्शाई गई थी, जबकि वह वास्तव में नाबालिग है। इतना ही नहीं, उस आधार कार्ड में विवाह संबंधी फोटो भी लगाया गया था, जिससे मामले ने और गंभीर रूप ले लिया।

 

तकनीकी जांच और दस्तावेजों के सत्यापन के बाद पुलिस टीम भोपाल पहुंची। वहां छापेमारी कर आरोपी सोनू जैन को गिरफ्तार किया गया और उसके घर से नाबालिग लड़की को सकुशल बरामद कर लिया गया।

 

पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि लड़की को ट्रेन यात्रा के दौरान एक अज्ञात महिला और पुरुष द्वारा बहला-फुसलाकर पहले दिल्ली ले जाया गया था। वहां कुछ दिन रखने के बाद उसे भोपाल लाया गया और करीब ढाई लाख रुपये में बेच दिया गया।

 

जांच में एक अन्य आरोपी कमल किशोर शास्त्री का नाम भी सामने आया, जिसे भी गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोप है कि वह लड़की की खरीद-फरोख्त और जबरन विवाह कराने की साजिश में शामिल था।

 

पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश की जा रही है। बरामद नाबालिग को सुरक्षित उसके परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया भी पूरी की जा रही है। इस कार्रवाई से पुलिस ने मानव तस्करी के एक गंभीर मामले का खुलासा किया है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *