पटना: बिहार में रविवार को आए तेज आंधी-तूफान और बारिश ने जहां भीषण गर्मी से राहत दी, वहीं कई जिलों में तबाही भी मचाई। वज्रपात की घटनाओं में कुल चार लोगों की मौत हो गई, जिससे प्रदेश में शोक का माहौल है।
सबसे ज्यादा असर कटिहार जिले में देखने को मिला, जहां अलग-अलग थाना क्षेत्रों में तीन लोगों की जान चली गई। आजमनगर थाना क्षेत्र के शीतलमनी पंचायत में 65 वर्षीय मोहम्मद अब्बास की मौत वज्रपात से हो गई। वहीं, कोढ़ा थाना क्षेत्र के चंदवा पंचायत में 27 वर्षीय मंगलेश कुमार और सेमापुर थाना क्षेत्र के इस्लामपुर सुखासन गांव में 45 वर्षीय अकमल हुसैन की भी ठनका गिरने से मौत हो गई। इन घटनाओं के बाद पूरे जिले में मातम पसरा हुआ है।
उधर, अररिया जिले में भी तेज आंधी और बारिश ने भारी नुकसान पहुंचाया। जोकीहाट प्रखंड में एक दर्दनाक हादसा हुआ, जहां रात के समय घर पर पेड़ गिरने से 45 वर्षीय विकलांग महिला तसरोजा की मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, महिला घर में सो रही थी, तभी अचानक पेड़ गिर गया और वह मलबे में दब गई।
घटनाओं पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को अविलंब 4-4 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने का निर्देश दिया है और लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है।
इधर, मौसम में आए बदलाव से राज्य के 25 जिलों में तापमान में करीब 5 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई है। पटना समेत कई जिलों में लोगों को गर्मी से राहत मिली है।
बारिश के आंकड़ों की बात करें तो किशनगंज के ठाकुरगंज में सबसे ज्यादा 75.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा अररिया, पूर्णिया और पश्चिम चंपारण समेत कई इलाकों में भी अच्छी बारिश हुई।
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए भी चेतावनी जारी की है। पटना सहित कई जिलों में बारिश और वज्रपात की संभावना जताई गई है। लोगों को सलाह दी गई है कि खराब मौसम के दौरान घरों में रहें और सतर्कता बरतें।
