पटना: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने नीट यूजी 2026 परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिया है। पहले इसे 26 अप्रैल को जारी किया जाना था, लेकिन अब 27 अप्रैल की सुबह 10 बजे इसे आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराया गया। अभ्यर्थी www.neet.nta.nic.in पर जाकर अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं।
एनटीए ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि परीक्षा केंद्र पर प्रवेश के लिए एडमिट कार्ड की प्रिंट कॉपी अनिवार्य होगी। केवल डिजिटल कॉपी मान्य नहीं होगी। इसके साथ ही वैध पहचान पत्र, जैसे आधार कार्ड, साथ ले जाना जरूरी है। बिना एडमिट कार्ड और पहचान पत्र के किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं मिलेगा। साथ ही पासपोर्ट साइज फोटो भी साथ रखना होगा, जिसे जरूरत पड़ने पर जमा करना पड़ सकता है।
परीक्षा 3 मई (रविवार) को दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की जाएगी। अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम एक घंटा पहले केंद्र पर पहुंचने का निर्देश दिया गया है। बायोमेट्रिक सत्यापन को ध्यान में रखते हुए आधार कार्ड में किसी भी त्रुटि को पहले ही सुधार लेने की सलाह दी गई है।
एनटीए ने एडमिट कार्ड में किसी प्रकार की कटिंग, ओवरराइटिंग या छेड़छाड़ से बचने की सख्त चेतावनी दी है। छात्रों को सलाह दी गई है कि वे पहले ही सभी विवरणों की जांच कर लें, ताकि परीक्षा के दिन किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।
ओएमआर शीट भरते समय विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है। रोल नंबर, पेपर कोड और अन्य विवरण सही-सही भरें और एक ही पेन का उपयोग करें। ओवल को सही तरीके से भरें और ओवरलैप से बचें। परीक्षा समाप्त होने के बाद ओएमआर शीट और उसकी कॉपी दोनों जमा करनी होगी।
बिहार में इस बार 35 जिलों में 142 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां करीब 1.60 लाख छात्र परीक्षा देंगे। केवल पटना में 96 केंद्रों पर लगभग 85 हजार अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा में कुल 180 प्रश्न होंगे और यह 720 अंकों की होगी।
