बिहार के सहरसा जिले में मधनिषेध एवं उत्पाद विभाग ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार कारोबारियों को गिरफ्तार किया है। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चलाए गए छापेमारी अभियान के दौरान भारी मात्रा में विदेशी शराब, चुलाई शराब और कोडिंग युक्त कफ सिरप बरामद किया गया। इस कार्रवाई के बाद अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
पहली कार्रवाई सदर थाना क्षेत्र के बेलहा टोला, कहरा वार्ड नंबर 10 में की गई। यहां मधनिषेध विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर अनोज कुमार, पिता चंदेश्वरी यादव, को 11.250 लीटर अवैध विदेशी शराब के साथ गिरफ्तार किया। टीम ने मौके से शराब की कई बोतलें जब्त कीं।
दूसरी कार्रवाई मोसमात पोखर, वार्ड नंबर 22, कृष्णा नगर में हुई। यहां श्रवण कुमार राय, पिता स्वर्गीय रविंद्र राय, को 20 बोतल कोडिंग युक्त कफ सिरप के साथ पकड़ा गया। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, इस प्रकार के कफ सिरप का उपयोग नशे के रूप में किया जाता है, जिस पर प्रतिबंध है।
वहीं तीसरी कार्रवाई गांधी पथ इलाके में की गई, जहां दो कारोबारियों को 35 लीटर अवैध चुलाई शराब और एक स्कूटी के साथ गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान रवि शर्मा, पिता महादेव शर्मा, और सोनू कुमार, पिता सिकंदर दास, दोनों निवासी नारियार, थाना सदर, सहरसा, के रूप में हुई है।
मधनिषेध एवं उत्पाद विभाग की इस संयुक्त कार्रवाई में कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। अधिकारियों ने बताया कि सभी के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब कारोबार और नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
इस कार्रवाई से जिले में अवैध शराब कारोबारियों के बीच डर का माहौल देखा जा रहा है।
