सहरसा के सदर थाना क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। पूजा कर घर लौट रही माँ-बेटी को तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई।घायलों की पहचान सरस्वती नगर वार्ड नंबर 12 निवासी मंजू देवी, उम्र 36 वर्ष, पति सतीश ठाकुर, और उनकी 22 वर्षीय बेटी ब्यूटी कुमारी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, 26 अप्रैल 2026 की दोपहर दोनों पूजा-अर्चना कर अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक ट्रैक्टर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर दूर जा गिरीं। हादसे में माँ-बेटी के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि मंजू देवी की कमर की हड्डी टूट गई। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत मानवता दिखाते हुए दोनों को उठाया और इलाज के लिए सहरसा सदर अस्पताल पहुंचाया।सदर अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण दोनों को बेहतर इलाज के लिए पटना स्थित पीएमसीएच रेफर कर दिया गया। फिलहाल दोनों की स्थिति नाजुक बताई जा रही है।घायल महिला के पति सतीश ठाकुर ने सदर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि गोबरगढ़ा निवासी ट्रैक्टर चालक मोनू कुमार, पिता रामचंद्र यादव, ने साजिश के तहत जानबूझकर पीछे से टक्कर मारी और घटना के बाद ट्रैक्टर लेकर फरार हो गया।परिजनों ने यह भी आरोप लगाया है कि शिकायत दर्ज कराने के बाद आरोपी पक्ष द्वारा लगातार धमकी दी जा रही है, जिससे परिवार दहशत में है।घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोग आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और फरार चालक की तलाश जारी है।
