कटिहार: बिहार के कटिहार जिले में रविवार को तेज आंधी, भारी बारिश और वज्रपात ने भारी तबाही मचाई। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में ठनका गिरने से तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है और पीड़ित परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पहली घटना आजमनगर थाना क्षेत्र के शीतलमनी पंचायत की है, जहां 65 वर्षीय मोहम्मद अब्बास खेत के पास मौजूद थे, तभी अचानक वज्रपात की चपेट में आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। दूसरी घटना कोढ़ा थाना क्षेत्र के चंदवा पंचायत की है, जहां 27 वर्षीय मंगलेश कुमार पर ठनका गिरा, जिससे उनकी भी जान चली गई। वहीं तीसरी घटना सेमापुर थाना क्षेत्र के इस्लामपुर सुखासन गांव में हुई, जहां 45 वर्षीय अकमल हुसैन वज्रपात का शिकार हो गए। तीनों घटनाएं एक ही दिन अलग-अलग जगहों पर हुईं, जिससे जिले में दहशत का माहौल बन गया है।
घटना की सूचना मिलते ही संबंधित थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया है।
इस दुखद घटना पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए आपदा प्रबंधन विभाग को तत्काल राहत पहुंचाने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री ने प्रत्येक मृतक के परिजनों को चार-चार लाख रुपये अनुग्रह अनुदान देने की घोषणा की है और अधिकारियों को यह राशि जल्द उपलब्ध कराने को कहा है।
स्थानीय ग्रामीणों ने भी प्रशासन से मांग की है कि मुआवजा प्रक्रिया में तेजी लाई जाए ताकि प्रभावित परिवारों को जल्द राहत मिल सके।
साथ ही मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान सतर्क रहें, घरों में सुरक्षित रहें और वज्रपात से बचाव के लिए जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। जागरूकता और सावधानी ही ऐसे हादसों से बचाव का सबसे बड़ा उपाय है।
