बिहार के मुजफ्फरपुर से अंधविश्वास से जुड़ी एक बेहद दर्दनाक और शर्मनाक घटना सामने आई है। जिले के फकुली थाना क्षेत्र अंतर्गत एक गांव में एक महिला को ‘डायन’ बताकर कुछ ग्रामीणों ने उसके घर पर हमला कर दिया। इस दौरान पत्नी को बचाने पहुंचे 72 वर्षीय बुजुर्ग पति की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
परिजनों के अनुसार, गांव के कुछ लोग पिछले तीन दिनों से महिला को डायन बताकर लगातार प्रताड़ित कर रहे थे। शनिवार की सुबह करीब 6 से 7 लोग लाठी-डंडा लेकर उनके घर पहुंचे और महिला के साथ मारपीट शुरू कर दी। महिला के चिल्लाने की आवाज सुनकर उसके पति बीच-बचाव के लिए पहुंचे और पत्नी को बचाने की कोशिश की।
आरोप है कि इसी दौरान हमलावरों ने बुजुर्ग को धक्का दे दिया और लाठी-डंडे से पिटाई भी की। गंभीर रूप से घायल होकर वह जमीन पर गिर पड़े। परिजनों का कहना है कि मौके पर ही उनकी मौत हो गई। इस घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है।
मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि अंधविश्वास के नाम पर सुनियोजित तरीके से हमला किया गया, जिससे एक बेगुनाह की जान चली गई। उनका कहना है कि महिला को लंबे समय से डायन बताकर प्रताड़ित किया जा रहा था और प्रशासन को इसकी जानकारी भी दी गई थी।
वहीं डीएसपी-2 अनिमेष चंद्र ज्ञानी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि कुछ लोग महिला को डायन कहकर विवाद कर रहे थे। इसी दौरान धक्का लगने से महिला के पति गिर पड़े, जिससे उनकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि मृतक पहले से दिल की बीमारी से पीड़ित थे और हाल ही में उनके पोते की भी मौत हो गई थी, जिससे वह पहले से सदमे में थे।
पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया गया है। फिलहाल इलाके में हालात सामान्य बताए जा रहे हैं, लेकिन इस घटना ने अंधविश्वास की भयावह सच्चाई को फिर उजागर कर दिया है।
