बिहार के समस्तीपुर जिले से एक बेहद शर्मनाक मामला सामने आया है, जहां चोरों ने बच्चों के भोजन पर ही हाथ साफ कर दिया। उजियारपुर प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय चंदौली में चोरों ने स्कूल का ताला तोड़कर मिड-डे-मील से जुड़ी सामग्री और अन्य सामान चोरी कर लिया। इस घटना के बाद बच्चे भूखे पेट ही स्कूल से घर लौटने को मजबूर हो गए।
मामला उजियारपुर प्रखंड के रामचंद्रपुर अंधैल पंचायत स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय चंदौली का है। बताया जा रहा है कि रात के अंधेरे में चोरों ने विद्यालय के एक कमरे का ताला तोड़ दिया और वहां रखे मिड-डे-मील के पूरे सामान पर हाथ साफ कर दिया।
चोरी हुए सामान में 23 बोरी चावल, 30 किलो दाल, 70 किलो चना, एक जार तेल, 19 किलो के दो गैस सिलेंडर और अन्य जरूरी सामग्री शामिल है। यही सामान रोज स्कूल के बच्चों के लिए मध्याह्न भोजन बनाने में इस्तेमाल होता था।
सुबह जब शिक्षक विद्यालय पहुंचे तो कमरे का ताला टूटा देखकर उनके होश उड़ गए। अंदर जाकर देखा तो पूरा राशन गायब था। इसके बाद तुरंत उजियारपुर थाना पुलिस को सूचना दी गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है ताकि चोरों तक जल्द पहुंचा जा सके।
उजियारपुर थाना प्रभारी अजीत कुमार ने बताया कि मिड-डे-मील चोरी की घटना की जानकारी मिली है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और जल्द ही अपराधियों को पकड़कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना से स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि चोरों ने सिर्फ सामान नहीं, बल्कि बच्चों का निवाला चुराया है।
विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक ने बताया कि मिड-डे-मील का पूरा सामान चोरी हो जाने के कारण बच्चों को भोजन नहीं मिल सका और सभी बच्चे भूखे पेट ही घर लौट गए।
