भागलपुर शहर में ट्रैफिक जाम की समस्या से निजात दिलाने के उद्देश्य से प्रशासन ने कुछ माह पहले शहर से बाहर रिक्शाडीह में नए बस स्टैंड की शुरुआत की थी। पहले कोयला डिपो से बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के लिए बसों का संचालन होता था, जिससे शहर के अंदर लगातार जाम की स्थिति बनी रहती थी। इसी समस्या को देखते हुए बसों को शहर से बाहर शिफ्ट किया गया, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु हो सके।

 

हालांकि, रिक्शाडीह बस स्टैंड चालू होने के बाद भी यहां बुनियादी सुविधाओं का गंभीर अभाव देखने को मिल रहा है। बस स्टैंड पर न तो यात्रियों के लिए समुचित शौचालय की व्यवस्था है और न ही पीने के पानी की कोई सुविधा उपलब्ध है। खासकर भीषण गर्मी के इस मौसम में यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

 

बस स्टैंड परिसर में चारों ओर धूल उड़ती नजर आती है, जिससे यात्रियों के साथ-साथ दुकानदारों को भी दिक्कतें हो रही हैं। इंतजार कर रहे लोगों को न बैठने की समुचित व्यवस्था है और न ही छांव का पर्याप्त इंतजाम। ऐसे में बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं।

 

इसके अलावा, बस स्टैंड पर टिकट काउंटर भी अधिकतर समय बंद रहता है, जिससे यात्रियों को टिकट लेने में भारी परेशानी होती है। उन्हें या तो बस के अंदर ही टिकट लेना पड़ता है या फिर इधर-उधर भटकना पड़ता है। दूर-दराज से आने-जाने वाले यात्रियों के लिए यह स्थिति और भी मुश्किल भरी हो जाती है।

 

स्थानीय लोगों और यात्रियों का कहना है कि प्रशासन ने बस स्टैंड तो शुरू कर दिया, लेकिन जरूरी सुविधाओं पर ध्यान नहीं दिया गया। उन्होंने मांग की है कि जल्द से जल्द यहां शौचालय, पेयजल, साफ-सफाई और टिकट काउंटर की व्यवस्था दुरुस्त की जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।

 

अब देखना होगा कि प्रशासन कब तक इन समस्याओं का समाधान कर पाता है और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराता है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *