झारखंड के बोकारो से इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है, जहां एक पति-पत्नी को किसी की मदद करना भारी पड़ गया। सरेआम दोनों की बेरहमी से पिटाई की गई, लेकिन मौके पर मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे और किसी ने भी बीच-बचाव की कोशिश नहीं की।
घायल इकबाल सिंह और उनकी पत्नी हरजिंदर कौर ने बताया कि वे अपने घर में खाना खा रहे थे, तभी बाहर जोरदार आवाज सुनाई दी। जब वे बाहर निकले तो देखा कि एक फोर व्हीलर गाड़ी दीवार से टकरा गई है और निकल नहीं पा रही है। उन्होंने चालक को समझाने की कोशिश की कि गाड़ी का टायर पंचर है, इसलिए एक्सीलेटर न दबाएं।
इतना सुनते ही गाड़ी में सवार एक व्यक्ति भड़क गया और गाली-गलौज करने लगा। देखते ही देखते उसके साथ मौजूद दो अन्य लोगों ने मिलकर इकबाल सिंह पर हमला कर दिया। जब उनकी पत्नी हरजिंदर कौर बीच-बचाव करने पहुंचीं, तो हमलावरों ने उन्हें भी नहीं बख्शा। उनके साथ मारपीट की गई और उनके चेहरे पर ईंट से वार कर दिया गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना के दौरान वहां काफी भीड़ जमा हो गई, लेकिन किसी ने भी आगे आकर दंपत्ति को बचाने की हिम्मत नहीं दिखाई। हमलावर मौके से फरार होते समय दंपत्ति को जान से मारने की धमकी भी देकर गए।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल दंपत्ति को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस ने मामले में शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
संवाददाता: चंदन सिंह, बोकारो
