भागलपुर जिले के हबीबपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत दाउटबाट गांव शुक्रवार को धार्मिक आस्था, श्रद्धा और भक्ति के रंग में पूरी तरह सराबोर नजर आया। नवयुवक बाल बजरंग क्लब मैदान में आयोजित नौ दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के शुभारंभ अवसर पर 1008 महिलाओं द्वारा निकाली गई भव्य कलश शोभायात्रा आकर्षण का केंद्र रही। सिर पर सजे कलश लेकर कतारबद्ध महिलाओं की लंबी श्रृंखला ने पूरे गांव को भक्तिमय माहौल में बदल दिया।
पीले, लाल और भगवा वस्त्रों में सुसज्जित महिलाएं भगवान के जयकारों के साथ आगे बढ़ रही थीं। कलशों पर नारियल, आम के पत्ते एवं धार्मिक प्रतीकों की सजावट यात्रा की भव्यता को और बढ़ा रही थी। शोभायात्रा कथा स्थल से प्रारंभ होकर गांव के विभिन्न मार्गों से निकाली गई। इस दौरान शंखनाद, घंटियों की ध्वनि और भक्ति गीतों से पूरा वातावरण गुंजायमान हो उठा। श्रद्धालु भक्ति धुनों पर झूमते नजर आए, जबकि सड़कों और घरों की छतों से लोग इस अलौकिक दृश्य का आनंद लेते दिखाई दिए। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत भी किया गया।
कलश यात्रा में महिलाओं के साथ युवाओं, बुजुर्गों और बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी ने आयोजन को ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान किया। पूरे गांव में भक्ति, उत्साह और उल्लास का वातावरण देखने को मिला।
कलश स्थापना और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ नौ दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का विधिवत शुभारंभ हुआ। आयोजन समिति के संयोजक मिथुन कुमार ने बताया कि 5 जून से 13 जून तक प्रतिदिन संध्या 6 बजे से रात्रि 10 बजे तक कथा प्रवचन का आयोजन किया जाएगा। वृंदावनधाम की प्रसिद्ध कथा वाचिका एवं कृपापात्री श्रेयांशी पांडेय श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत महापुराण की अमृतमयी कथा का श्रवण कराएंगी। कथा के साथ प्रतिदिन भजन संध्या और आकर्षक धार्मिक झांकियां भी श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी।