बिजली दर में बढ़ोतरी और स्मार्ट मीटर लगाए जाने के खिलाफ भाजपा ने राज्यव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है। इसी कड़ी में बोकारो में भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

 

बोकारो भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. सुरेंद्र राज के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता कार्यालय पहुंचे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर सरकार की नीतियों के खिलाफ विरोध जताया। प्रदर्शन के दौरान माहौल काफी गरम रहा और कार्यकर्ताओं ने बिजली दर में बढ़ोतरी को लेकर सरकार को घेरने की कोशिश की।

 

भाजपा नेताओं का कहना है कि राज्य सरकार ने चुनाव के दौरान जनता से कई वादे किए थे, लेकिन सत्ता में आने के बाद अब उन्हीं वादों को भूलकर आम लोगों पर आर्थिक बोझ डाला जा रहा है। नेताओं ने आरोप लगाया कि बिजली बिल में बढ़ोतरी कर सरकार आम उपभोक्ताओं का शोषण कर रही है।

 

उन्होंने कहा कि हाल ही में बिजली दरों में करीब साढ़े छह प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है, जिससे आम जनता की जेब पर सीधा असर पड़ेगा। खासकर मध्यम वर्ग और गरीब तबके के लोग इससे सबसे ज्यादा प्रभावित होंगे। इसके साथ ही स्मार्ट मीटर लगाने को लेकर भी भाजपा ने सवाल उठाए और इसे आम जनता के लिए परेशानी का कारण बताया।

 

प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं ने साफ तौर पर चेतावनी दी कि अगर सरकार ने जल्द ही बिजली दर में की गई बढ़ोतरी को वापस नहीं लिया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता के हितों की अनदेखी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

 

भाजपा कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार से मांग की कि बिजली दरों में की गई वृद्धि को तत्काल प्रभाव से वापस लिया जाए और स्मार्ट मीटर योजना पर भी पुनर्विचार किया जाए।

 

संवाददाता: चंदन सिंह, बोकारो

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *