हर घर तिरंगा अभियान 2026 के तहत गुरुवार को सहरसा स्थित GNM कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति के जज्बे के साथ भव्य तिरंगा यात्रा निकाली। तिरंगा यात्रा का शुभारंभ GNM कॉलेज परिसर से हुआ। इसके बाद यात्रा अस्पताल, समाहरणालय होते हुए सिविल सर्जन कार्यालय तक पहुंची।
यात्रा में GNM कॉलेज के करीब 80 छात्र-छात्राओं के साथ कॉलेज की प्रिंसिपल और शिक्षिकाओं ने भी उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर छात्र-छात्राएं भारत माता की जय और देशभक्ति के नारों के साथ आगे बढ़े। यात्रा के दौरान पूरा माहौल देशभक्ति से ओत-प्रोत नजर आया।
तिरंगा यात्रा के माध्यम से छात्र-छात्राओं ने आम लोगों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। कॉलेज की प्रिंसिपल के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों को हर घर तिरंगा अभियान से जोड़ना और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने-अपने घरों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित करना रहा।
इस दौरान लोगों से अपील की गई कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर वे अपने घरों पर तिरंगा फहराकर देश के प्रति अपनी जिम्मेदारी और सम्मान का प्रदर्शन करें। छात्र-छात्राओं ने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है, इसलिए प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान करना चाहिए।
GNM कॉलेज की इस तिरंगा यात्रा में छात्र-छात्राओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। यात्रा के जरिए युवाओं ने देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। कॉलेज प्रशासन ने भी इस अभियान को सफल बनाने में सभी की भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया।






