उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां फाफामऊ थाना क्षेत्र स्थित आदर्श कोल्ड स्टोरेज की छत अचानक गिरने से बड़ा हादसा हो गया। इस दुर्घटना में बिहार के सहरसा जिले के दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य मजदूर घायल हो गए। सभी मजदूर मलबे में दबने से हादसे का शिकार हुए।
जानकारी के अनुसार, हादसे के समय कोल्ड स्टोरेज में सैकड़ों मजदूर काम कर रहे थे। इनमें सहरसा जिले के सलखुआ प्रखंड के विभिन्न गांवों से गए मजदूर भी शामिल थे। छत गिरते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और मजदूरों में चीख-पुकार शुरू हो गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
मलबे से निकाले गए घायलों को प्रयागराज के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कई मजदूरों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे में मृतकों की पहचान सहरसा जिले के बलियार गांव निवासी मसिंद्र सदा (25 वर्ष), पिता सक्को सदा एवं ज्योतिष कुमार (21 वर्ष), पिता नुनुलाल सदा के रूप में हुई है। वहीं घायलों में पप्पू यादव, शिंकू यादव, अंकित कुमार, शिबू यादव, साहुल चौधरी, अमित चौधरी और आशू चौधरी सहित कई मजदूर शामिल हैं।
घटना की खबर जैसे ही सहरसा के सलखुआ प्रखंड अंतर्गत पिपरा, खरहुरिया और बलियार गांव पहुंची, पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। कई घरों में चूल्हे तक नहीं जले और गांव का माहौल गमगीन हो गया। जिन मजदूरों की स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है, उनके परिजन लगातार संपर्क साधने की कोशिश कर रहे हैं।
हादसे के बाद स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है। साथ ही प्रशासन से घायलों के समुचित इलाज, मृतकों के शवों को जल्द उनके गांव पहुंचाने तथा पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग की गई है।
