बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने एक बार फिर देशभर में अपनी कार्यशैली का लोहा मनवाते हुए इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 का रिजल्ट रिकॉर्ड समय में जारी कर दिया है। महज 25 दिनों के भीतर परिणाम घोषित कर बोर्ड ने लगातार 8वीं बार सबसे पहले रिजल्ट जारी करने का रिकॉर्ड कायम किया है।

 

बोर्ड के अध्यक्ष आनंद किशोर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष मूल्यांकन प्रक्रिया को और अधिक तेज और पारदर्शी बनाया गया, जिसके चलते पिछले साल के 27 दिनों के मुकाबले इस बार सिर्फ 25 दिनों में ही नतीजे घोषित कर दिए गए।

 

बिहार बोर्ड ने तीनों संकाय—कॉमर्स, आर्ट्स और साइंस—की टॉपर सूची भी जारी कर दी है। कॉमर्स स्ट्रीम में पटना की अदिति कुमारी ने 500 में से 480 अंक लाकर पहला स्थान हासिल किया। दूसरे स्थान पर माही कुमारी और तीसरे स्थान पर निशिका श्री रहीं।

 

वहीं आर्ट्स संकाय में गया की निशु कुमारी ने 479 अंकों के साथ पूरे राज्य में टॉप कर इतिहास रच दिया। दूसरे स्थान पर सिद्धि शिखा, चंद्रदीप कुमार और एमडी लकी अंसारी रहे, जबकि तीसरे स्थान पर कई छात्रों ने 477 अंक के साथ जगह बनाई।

 

साइंस स्ट्रीम में समस्तीपुर के आदित्य प्रकाश अमन ने 481 अंक हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया। दूसरे स्थान पर साक्षी कुमारी और सपना कुमारी रहीं, जबकि तीसरे स्थान पर अनामिका कुमारी ने अपनी जगह बनाई।

 

बिहार बोर्ड की यह उपलब्धि न केवल राज्य के लिए गर्व की बात है, बल्कि पूरे देश में एक मिसाल भी बन चुकी है। तेजी, पारदर्शिता और बेहतर प्रबंधन के चलते बिहार बोर्ड ने शिक्षा के क्षेत्र में अपनी एक अलग पहचान स्थापित की है।

 

इस बार के परिणाम ने यह साबित कर दिया है कि सही योजना और मजबूत व्यवस्था के साथ किसी भी कार्य को समय पर और सफलतापूर्वक पूरा किया जा सकता है।

 

पटना से सुरजीत कुमार की रिपोर्ट।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *