रामगढ़ के सिद्धू-कानू जिला मैदान में आयोजित कृषि मेले का भव्य उद्घाटन झारखंड की कृषि मंत्री नेहा शिल्पी तिर्की ने किया। इस अवसर पर किसानों के बीच करोड़ों रुपए की परिसंपत्तियों और ऋण का वितरण किया गया, जिससे क्षेत्र के किसानों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

 

कृषि मेले में जिले भर से आए किसानों ने कृषि उत्पादन से जुड़े विभिन्न स्टॉल लगाए, जहां आधुनिक खेती, उन्नत बीज, कृषि उपकरण और नई तकनीकों की जानकारी दी गई। कृषि मंत्री ने सभी स्टॉल का निरीक्षण किया और किसानों को आधुनिक तकनीक अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है।

 

इस मौके पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों को कृषि मंत्री द्वारा सम्मानित भी किया गया। सम्मान पाकर किसानों ने खुशी जताई और सरकार के इस प्रयास की सराहना की।

 

कार्यक्रम के दौरान रामगढ़ जिले में धान अधिप्राप्ति को लेकर भी चर्चा हुई। मंत्री ने बताया कि दो लाख टन के लक्ष्य के मुकाबले अब तक केवल 1 लाख 14 हजार क्विंटल धान की ही अधिप्राप्ति हो सकी है। इस पर उन्होंने चिंता जताते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि जल्द से जल्द लक्ष्य को पूरा करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।

 

कृषि मेले में ममता देवी, शहजादा अनवर, जिला परिषद अध्यक्ष सुधा चौधरी, नगर परिषद अध्यक्ष कुसुमलता मुंडा और उपाध्यक्ष रणधीर गुप्ता सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में किसानों ने भाग लिया और नई तकनीकों के बारे में जानकारी प्राप्त की।

 

इस कृषि मेले ने न सिर्फ किसानों को नई दिशा दी, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनने की राह भी दिखाई। सरकार की इस पहल से आने वाले समय में कृषि क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव की उम्मीद जताई जा रही है।

रामगढ़/झारखंड से संवाददाता राजीव की रिपोर्ट।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *