बिहार के मुख्यमंत्री Nitish Kumar आज समृद्धि यात्रा के तहत जहानाबाद पहुंचे, जहां उन्होंने जिले को बड़ी सौगात दी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने करीब 100 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 88 परियोजनाओं का उद्घाटन किया, वहीं लगभग 150 करोड़ रुपये की लागत वाली 73 नई योजनाओं का शिलान्यास भी किया। कुल मिलाकर 252 करोड़ रुपये की योजनाएं जिले के विकास को नई दिशा देने वाली मानी जा रही हैं।
समृद्धि यात्रा के पांचवें चरण में जहानाबाद पहुंचे मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया गया। सुरक्षा के मद्देनजर पूरे शहर को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया था, खासकर मुख्य मार्गों और सभा स्थल पर कड़ी निगरानी रखी गई। कार्यक्रम स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया गया था।
अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर पुलिस लाइन में उतरा, जिसके बाद वे सीधे सदर प्रखंड स्थित पुराने कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने जीविका दीदियों द्वारा संचालित वस्त्र उत्पादन एवं सिलाई प्रशिक्षण केंद्र का उद्घाटन किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ऐतिहासिक गांधी मैदान पहुंचे, जहां उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और अधिकारियों के साथ जिले में चल रही योजनाओं की समीक्षा बैठक की।
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने अपने कार्यकाल की उपलब्धियों को गिनाया और पूर्व की सरकार, विशेषकर Lalu Prasad Yadav और Rabri Devi के शासनकाल पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 2005 से पहले बिहार में भय और अराजकता का माहौल था, लेकिन आज बिहार विकास की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा है और बिहारी कहलाना गर्व की बात बन गई है।
मुख्यमंत्री ने महिलाओं के सशक्तिकरण पर जोर देते हुए कहा कि जीविका से जुड़कर महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं। सरकार द्वारा उन्हें स्वरोजगार के लिए आर्थिक सहायता दी जा रही है और आगे भी इसे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने बताया कि अगले पांच वर्षों में एक करोड़ लोगों को रोजगार और नौकरी देने का लक्ष्य रखा गया है।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री Samrat Choudhary, मंत्री Vijay Kumar Chaudhary और प्रभारी मंत्री Ashok Choudhary भी मौजूद रहे और सभा को संबोधित किया।
