बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 का परिणाम आज जारी कर दिया गया। इस बार भी छात्रों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रिकॉर्ड कायम किया है। रिजल्ट जारी होते ही पूरे राज्य में खुशी की लहर दौड़ गई है। खास बात यह रही कि इस वर्ष तीनों संकाय—साइंस, आर्ट्स और कॉमर्स—में छात्र-छात्राओं ने बेहतरीन अंक हासिल किए हैं।
साइंस संकाय में समस्तीपुर जिले के आदित्य प्रकाश अमन ने 481 अंक यानी 96.2 प्रतिशत के साथ पूरे बिहार में पहला स्थान हासिल किया है। उनके इस शानदार प्रदर्शन से परिवार और स्कूल में खुशी का माहौल है। वहीं दूसरे स्थान पर साक्षी कुमारी और सपना कुमारी रही, जिन्होंने 479 अंक प्राप्त किए।
आर्ट्स संकाय की बात करें तो गया की निशु कुमारी ने 479 अंक लाकर पहला स्थान हासिल किया। दूसरे स्थान पर सिद्धि शिखा, चंद्रदीप कुमार और मोहम्मद लक्की अंसारी रहे, जिन्होंने 478 अंक प्राप्त किए। इस संकाय में भी छात्राओं का प्रदर्शन काफी बेहतर रहा।
कॉमर्स संकाय में पटना की अदिति कुमारी ने 480 अंक के साथ टॉप किया। वहीं माही कुमारी और निशिका श्री ने क्रमशः दूसरा और तीसरा स्थान प्राप्त किया। कॉमर्स में भी छात्राओं ने अपना दबदबा बनाए रखा।
इस वर्ष कुल पास प्रतिशत करीब 85 प्रतिशत रहा, जो पिछले साल के मुकाबले बेहतर माना जा रहा है। शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने इसे छात्रों की मेहनत और बेहतर शैक्षणिक व्यवस्था का परिणाम बताया है।
रिजल्ट जारी होने के बाद सफल छात्रों और उनके अभिभावकों में उत्साह का माहौल है, वहीं असफल छात्रों को निराश न होकर आगे बेहतर करने की सलाह दी गई है।
बिहार बोर्ड ने सभी छात्रों को उनके उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं और आगे की पढ़ाई के लिए मार्गदर्शन भी देने की बात कही है।
