मोतिहारी, पूर्वी चंपारण: जिले में पुलिस ने महाकुर्की अभियान चलाकर फरार अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। इस अभियान के तहत जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में 50 से अधिक फरार अभियुक्तों के घरों की कुर्की की गई। कुर्की की खबर से भयभीत होकर 6 फरार वारंटियों ने पुलिस के समक्ष सरेंडर कर दिया।
पूर्वी चंपारण पुलिस ने यह कार्रवाई एसपी स्वर्ण प्रभात के निर्देशन में पूरी तैयारी के साथ अंजाम दी। अभियान में हत्या, हत्या के प्रयास, एनडीपीएस, दहेज हत्या, लूट, रंगदारी और अन्य गंभीर मामलों में फरार चल रहे अपराधियों के घरों का निरीक्षण किया गया। पुलिस ने एक-एक घर में रखी सभी कीमती और संदिग्ध वस्तुओं को जब्त किया।
जिले के सुगौली, पचपकड़ी, पिपरा, घोड़ासहन, आदापुर, शिकारगंज और जितना समेत कई थाना क्षेत्रों में यह महा अभियान चलाया गया। अभियान की मॉनिटरिंग स्वयं एसपी स्वर्ण प्रभात कर रहे थे।
अभियान में पुलिस ने ढोल बजा कर अल्टीमेटम जारी किया, साथ ही घरों पर इश्तेहार चस्पा कर फरार अपराधियों से 24 घंटे के अंदर थाना या न्यायालय में सरेंडर करने की अपील की। इससे पूर्व कई अभियुक्त चेतावनी मिलने के बावजूद फरार थे।
विशेष उल्लेखनीय कार्रवाई में:
पचपकरी थाना: दहेज हत्या कांड संख्या 175/25 के फरार अभियुक्त रुद्र नारायण मिश्र, नीरज मिश्रा और बिंदु मिश्रा के घर कुर्की।
सुगौली थाना: कांड संख्या 42/09 (हिंदू-मुस्लिम दंगा) के आरोपी सैफुल्ला के घर कुर्की।
शिकारगंज थाना: कांड संख्या 20/25 (BNS) और 27 (आर्म्स एक्ट) के फरार अभियुक्त संजय साहनी के घर कुर्की।
घोड़ासहन थाना: सटरकटवा गिरोह के रंजन कुमार के घर कुर्की।
पिपरा थाना: हत्या और मॉब लिंचिंग मामले के फरार अभियुक्त सीमा देवी, होसिला उर्फ होरिल और पप्पू मांझी के घर कुर्की।
आदापुर थाना: फरार अभियुक्त सुभाष मुखिया, विपिन मुखिया, गजेन्द्र मुखिया, मटर और बलिस्टर मुखिया के घर अल्टीमेटम जारी।
पुलिस ने पूरे जिले में अभियान के दौरान भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया और सुनिश्चित किया कि कोई भी फरार अपराधी बच न सके। अभियान का उद्देश्य जिले में अपराधियों पर सख्त नियंत्रण रखना और कानून का उल्लंघन करने वालों को सबक सिखाना है।
अभियान के सफल होने के बाद पुलिस ने जनता से अपील की है कि वे किसी भी अपराध की सूचना तुरंत संबंधित थाना को दें और फरार अपराधियों को सरेंडर करने में मदद करें।
