नवादा जिले के सिरदला प्रखंड क्षेत्र में रविवार देर रात एक भयावह सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। घटना परनाडाबर थाना अंतर्गत मुरली मोड़ के पास हुई, जहां अज्ञात वाहन ने बाइक सवार संतोष कुमार उर्फ अंकुश को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी गंभीर थी कि संतोष सीधे छत्र बांध आहर में जा गिरा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

 

मृतक की पहचान कांटी गांव निवासी, स्वर्गीय किशोरी विश्वकर्मा के पुत्र संतोष कुमार के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, वह किसी काम से मुरली मोड़ होते हुए खटांगी गांव जा रहे थे। हादसे के समय बाइक पर सोनू कुमार भी सवार था। सोनू आहर के किनारे गिरने के कारण मामूली चोटें आईं, जबकि संतोष गहरे पानी में चले गए।

 

राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। 112 पुलिस टीम, परनाडाबर थाना अध्यक्ष हरिकांत कुमार, और एसआई संतोष कुमार सिंह घटनास्थल पर पहुंचे। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से संतोष को आहर से बाहर निकाला गया और पहले स्थानीय चिकित्सक के पास, फिर सिरदला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। डॉक्टर उपेंद्र कुमार ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

 

डॉक्टर के अनुसार, संतोष के सिर पर गंभीर चोट थी और शरीर पर कई जगह चोट के निशान पाए गए। पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल नवादा भेज दिया। हादसा रविवार रात लगभग आठ बजे हुआ, जबकि घायल को अस्पताल रात नौ बजे लाया गया।

 

संतोष कुमार अपने पीछे पत्नी और तीन छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। अस्पताल परिसर में मृतक की मां और परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

 

पुलिस ने अज्ञात वाहन की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोग और परिवार ने हादसे के तुरंत बाद यातायात में सतर्कता बरतने और सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने की अपील की है।

 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *