सुल्तानगंज में मारपीट की घटनाएं, तीन लोग घायल
सुल्तानगंज थाना क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर हुई मारपीट की घटनाओं में कुल तीन लोग घायल हो गए। पहली घटना दिलगोरी गांव की है, जहां दो पक्षों के बीच मामूली कहासुनी ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। विवाद के दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें एक-एक व्यक्ति घायल हो गए।


घायलों की पहचान एक पक्ष के मो. यान (18 वर्ष) एवं दूसरे पक्ष के मो. शाहिद (लगभग 20 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को सुल्तानगंज रेफरल अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार किया गया। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।


इसी थाना क्षेत्र के पिलदौरी गांव में भी मारपीट की एक अन्य घटना सामने आई है। यहां किसी विवाद को लेकर हुई झड़प में एक 15 वर्षीय बालिका गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजनों द्वारा उसे तत्काल रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मायागंज, भागलपुर रेफर कर दिया गया।


स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों घटनाएं आपसी विवाद और कहासुनी के कारण हुईं। हालांकि पुलिस को घटना की सूचना मिलते ही मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है और दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


क्षेत्र में लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से लोगों में चिंता का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से शांति व्यवस्था बनाए रखने और ऐसे मामलों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *