भागलपुर से बड़ी खबर है, जहां रेल पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। ट्रेनों में यात्रियों से लूट करने वाले शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया गया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में जेवरात बरामद किए हैं।
भागलपुर में आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त कार्रवाई में एक बड़े लूट गिरोह का खुलासा हुआ है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान ट्रेनों में यात्रियों से लूटे गए कीमती जेवरात बरामद किए हैं, जिनकी बाजार कीमत करीब एक करोड़ रुपये आंकी जा रही है।
रेल एसपी विद्यासागर ने बताया कि जीआरपी को गुप्त सूचना मिली थी कि हावड़ा की ओर जाने वाली ट्रेनों में एक संगठित गिरोह सक्रिय है, जो यात्रियों को निशाना बनाकर चोरी और लूट की घटनाओं को अंजाम दे रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने जांच अभियान शुरू किया और संदिग्धों पर नजर रखी।
इसी दौरान संजय यादव नामक एक संदिग्ध को पकड़ा गया, जिसके पास से एक ब्लेड बरामद हुआ। पुलिस की सख्ती से पूछताछ में संजय यादव ने अपने अपराध को स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने बबरगंज थाना क्षेत्र के महेशपुर गांव में एक किराए के मकान पर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान मकान के तहखाने से बड़ी मात्रा में लूटे गए जेवरात बरामद किए गए। पुलिस ने मौके से दूसरे आरोपी पलटू मंडल को भी गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार संजय यादव मुंगेर जिले के बरियारपुर का निवासी है, जबकि पलटू मंडल खगड़िया जिले का रहने वाला बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी पिछले करीब तीन वर्षों से अपने गिरोह के साथ ट्रेनों में चोरी और लूट की वारदातों को अंजाम दे रहे थे। पूछताछ में गिरोह के अन्य सदस्यों और सरगनाओं के नाम भी सामने आए हैं।
फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश हो जाएगा।
