पटना से एक बड़ा राजनीतिक बयान सामने आया है। बिहार सरकार के मंत्री संजय सिंह ने कहा है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार हमेशा अपने मंत्रिमंडल के सहयोगियों का ख्याल रखते हैं और हर परिस्थिति में उनका साथ देते हैं।

 

उन्होंने कहा कि जब उन्होंने प्रभारी मंत्री के रूप में शपथ ली थी, तब मुख्यमंत्री ने खुद उनके कंधे पर हाथ रखकर उनका हौसला बढ़ाया था। उन्होंने इसे एक बड़े नेता की पहचान बताते हुए कहा कि नीतीश कुमार अपने साथ काम करने वाले नेताओं को हमेशा सम्मान और समर्थन देते हैं।

 

संजय सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री एक अनुभवी और मजबूत नेता हैं और आगे भी नेतृत्व को लेकर स्थिति जल्द स्पष्ट हो जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि एनडीए के सभी वरिष्ठ नेता हर सवाल का जवाब देने में सक्षम हैं और गठबंधन पूरी तरह एकजुट है।

 

गृह विभाग को लेकर मंत्री ने दावा किया कि राज्य में अपराध की घटनाओं में कमी आई है। उन्होंने कहा कि जब से गृह मंत्री ने पदभार संभाला है, तब से क्राइम ग्राफ लगातार नीचे जा रहा है और कानून-व्यवस्था में सुधार हुआ है।

 

सारण की घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए संजय सिंह ने कहा कि वह खुद मौके पर गए थे और अधिकारियों को साफ निर्देश दिया गया है कि बिना पूरी जांच के कोई बयानबाजी न करें। सभी तथ्यों के सामने आने के बाद ही इस मामले में स्पष्ट जानकारी दी जाएगी।

 

वहीं, विपक्ष पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव अक्सर चुनाव के बाद विदेश चले जाते हैं और उनकी पार्टी के विधायक असंतुष्ट रहते हैं। चनपटिया के कांग्रेस विधायक अभिषेक रंजन के वायरल वीडियो पर उन्होंने कहा कि आरोप लगाना आसान है, लेकिन उसके लिए ठोस सबूत होना जरूरी है।

 

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जब उनके अपने विधायक ही नेतृत्व पर सवाल उठा रहे हैं, तो ऐसे आरोपों का कोई आधार नहीं रह जाता। सरकार ऐसे बयानों को गंभीरता से नहीं लेती।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *