जामताड़ा जिला में रसोई गैस सिलेंडर को लेकर अफरा-तफरी की स्थिति लगातार बनी हुई है। पिछले कई दिनों से लोग गैस सिलेंडर पाने के लिए लंबी-लंबी कतारों में खड़े नजर आ रहे हैं। हालात ऐसे हैं कि सुबह होते ही लोग लाइन में लग जाते हैं, लेकिन इसके बावजूद सभी को सिलेंडर मिल पाना मुश्किल हो रहा है।
रिपोर्ट (संतोष कुमार):
तस्वीरें जामताड़ा जिले के बुधुड़ीह स्थित इंडियन गैस गोदाम की हैं, जहां “पहले आओ, पहले पाओ” व्यवस्था के तहत गैस का वितरण किया जा रहा है। लेकिन मांग ज्यादा और आपूर्ति कम होने के कारण हर दिन यहां भारी भीड़ उमड़ रही है। शुक्रवार को भी गोदाम के बाहर करीब 100 मीटर लंबी कतार देखी गई, जिससे लोगों की परेशानी साफ झलक रही है।
लाइन में खड़े शिक्षक हरी प्रसाद राम ने बताया कि वे सुबह 7:30 बजे से कतार में खड़े हैं। उन्हें मिड-डे मील (एमडीएम) के लिए तीन सिलेंडर लेने हैं, लेकिन भीड़ इतनी ज्यादा है कि समय पर गैस मिलना मुश्किल हो रहा है। उन्होंने कहा कि पहले गैस आसानी से मिल जाती थी, लेकिन अब स्थिति काफी खराब हो गई है।
वहीं, लाभुक राकेश पाल ने बताया कि लोग सुबह 6 बजे से ही लाइन में लग जाते हैं। गैस की गाड़ी 7 बजे तक पहुंच जाती है, लेकिन वितरण सुबह 9 बजे से शुरू होता है, जिससे लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ता है। खासकर बुजुर्गों और महिलाओं को इससे ज्यादा दिक्कत होती है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि गाड़ी पहुंचते ही गैस वितरण शुरू किया जाए ताकि भीड़ कम हो सके।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले तीन-चार दिनों से लगातार यही स्थिति बनी हुई है। गैस की कमी के कारण आम जनता के साथ-साथ सरकारी योजनाओं से जुड़े लोगों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है।
हालांकि, मौके पर पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में गैस वितरण शांतिपूर्ण तरीके से कराया जा रहा है, लेकिन भीड़ और अव्यवस्था लोगों के लिए बड़ी समस्या बनी हुई है।
