समृद्धि यात्रा के दौरान एक अजीबो-गरीब नजारा मुंगेर में देखने को मिला, जहां मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सभा के बाद आलू, प्याज और टमाटर की ‘लूट’ मच गई। दरअसल, कृषि विभाग ने मुख्यमंत्री के स्वागत में सब्जियों से ‘समृद्धि यात्रा’ लिखकर एक आकर्षक रंगोली बनाई थी। लेकिन जैसे ही कार्यक्रम खत्म हुआ और मुख्यमंत्री वहां से रवाना हुए, लोग उस रंगोली पर टूट पड़े। कोई आलू उठाता दिखा तो कोई प्याज और टमाटर, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
VO:
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इन दिनों ‘समृद्धि यात्रा’ के चौथे चरण में विभिन्न जिलों का दौरा कर रहे हैं। इसी कड़ी में वे आज मुंगेर पहुंचे, जहां सफियाबाद हवाई अड्डा परिसर में एक भव्य सभा का आयोजन किया गया था। सभा स्थल के आसपास जिला प्रशासन के अलग-अलग विभागों द्वारा कई स्टॉल लगाए गए थे, जिनमें कृषि विभाग का स्टॉल खास आकर्षण का केंद्र बना हुआ था।
कृषि विभाग ने मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए आलू, प्याज और टमाटर से ‘समृद्धि यात्रा’ लिखकर एक रंगीन और अनोखी सजावट तैयार की थी। यह रचनात्मक पहल लोगों का ध्यान खींच रही थी और कार्यक्रम के दौरान यह रंगोली चर्चा का विषय बनी रही।
हालांकि, जैसे ही मुख्यमंत्री का कार्यक्रम समाप्त हुआ और वे हेलीकॉप्टर से अगले गंतव्य के लिए रवाना हुए, वहां मौजूद भीड़ अचानक सब्जियों से बनी इस रंगोली पर टूट पड़ी। मौके पर मौजूद लोग थैलों में आलू, प्याज और टमाटर भरते नजर आए।
इस दौरान वहां तैनात अधिकारियों ने लोगों को रोकने और समझाने की काफी कोशिश की, लेकिन भीड़ पर इसका कोई असर नहीं पड़ा। कुछ ही मिनटों में पूरी रंगोली बिखर गई और सब्जियां लोगों के बीच बंट गईं।
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो किसी ने अपने मोबाइल में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।
