बिहार के सहरसा से अतिक्रमण को लेकर एक बार फिर बड़ा मामला सामने आया है। बिहार राज्य पथ परिवहन निगम, सहरसा परिसर में हटाए जाने के बावजूद दोबारा अवैध कब्जा कर दुकान निर्माण शुरू कर दिया गया है। इस संबंध में निगम के प्रतिष्ठान अधीक्षक द्वारा सदर थाना को पत्र लिखकर तत्काल कार्रवाई की मांग की गई है।
जारी पत्र के अनुसार, परिवहन निगम परिसर के अंदर पहले भी राजू होटल सहित कुछ दुकानदारों द्वारा अतिक्रमण कर दुकानें बना ली गई थीं। जिला प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त कार्रवाई के तहत इस अतिक्रमण को हटाया गया था। लेकिन अब एक बार फिर बिना किसी अनुमति और आदेश के उसी स्थान पर अवैध निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है।
पत्र में बताया गया है कि इस मामले को लेकर पूर्व में भी 10 मार्च 2026 को सूचना दी गई थी, जिसके बाद प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाया था। इसके बावजूद संबंधित व्यक्ति द्वारा दोबारा कब्जा कर निर्माण कार्य शुरू करना प्रशासनिक आदेशों की खुली अवहेलना मानी जा रही है।
निगम प्रशासन ने अपने पत्र में स्पष्ट रूप से कहा है कि यह जमीन बिहार राज्य पथ परिवहन निगम की है और यहां किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने थाना प्रभारी से आग्रह किया है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल अतिक्रमण को रोका जाए और संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।
स्थानीय स्तर पर इस घटना को लेकर सवाल उठने लगे हैं कि आखिर अतिक्रमण हटाने के बाद भी दोबारा निर्माण कैसे शुरू हो गया। इससे प्रशासनिक निगरानी और कार्रवाई की प्रभावशीलता पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में कितनी तेजी से कार्रवाई करता है और क्या दोबारा हो रहे इस अतिक्रमण पर पूरी तरह रोक लगाई जा सकेगी या नहीं।
