बोकारो में मंगलवार को हुई तेज बारिश के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। बोकारो समाहरणालय के समीप अचानक एक भारी-भरकम पेड़ दीवार पर जा गिरा। पेड़ गिरने से दीवार पूरी तरह ढह गई और उसकी चपेट में आने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक की पहचान कालीचरण किस्कू के रूप में हुई है। हादसे के बाद उसे इलाज के लिए बोकारो सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घायल कालीचरण किस्कू के अनुसार, वह कुछ लोगों के साथ अपनी मांगों को लेकर उपायुक्त कार्यालय पहुंचा था। वहां उपायुक्त को मांग पत्र सौंपने के बाद वह समाहरणालय के समीप स्थित एक दुकान में दस्तावेज की जेरॉक्स कराने के लिए गया था। इसी दौरान अचानक तेज बारिश के बीच एक विशाल पेड़ पास की दीवार पर गिर पड़ा।
पेड़ के गिरते ही दीवार भरभराकर नीचे आ गई। कालीचरण किस्कू इसकी चपेट में आ गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उसे मलबे से बाहर निकाला और इलाज के लिए बोकारो सदर अस्पताल पहुंचाया।
हादसे के बाद घायल युवक ने समाहरणालय परिसर और उसके आसपास मौजूद पेड़ों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए। कालीचरण किस्कू का कहना है कि जिला कार्यालय के आसपास कई ऐसे बड़े पेड़ मौजूद हैं, जो तेज बारिश और आंधी के दौरान कभी भी गिर सकते हैं। अगर समय रहते इन पेड़ों की जांच और जरूरी कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में इससे बड़ा हादसा हो सकता है।
घायल ने जिला प्रशासन से ऐसे पेड़ों की पहचान कर उनकी सुरक्षा स्थिति की जांच कराने की मांग की है, ताकि किसी अन्य व्यक्ति की जान खतरे में न पड़े।
वहीं, कालीचरण किस्कू ने बोकारो सदर अस्पताल की व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उनका आरोप है कि अस्पताल पहुंचने के बाद इलाज शुरू होने में देरी हुई। हालांकि, इस संबंध में अस्पताल प्रशासन की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
घटना ने समाहरणालय जैसे संवेदनशील इलाके में आम लोगों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
संवाददाता — चंदन सिंह, बोकारो





