आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से मंगलवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनता दरबार लगाया गया। उपायुक्त कार्यालय प्रकोष्ठ में सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक चले जनता दरबार में जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे करीब 40 लोगों ने अपनी शिकायतें और समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं।
डीसी ने एक-एक कर फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को मामलों के त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया। अधिकांश शिकायतों को संबंधित अधिकारियों के पास भेजते हुए एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा गया। कुछ मामलों का समाधान मौके पर ही कराया गया।
बुजुर्ग की शिकायत पर तत्काल कार्रवाई
जनता दरबार में एक बुजुर्ग ने अपने बेटे पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। शिकायत सुनने के बाद डीसी ने तत्काल एसडीओ से फोन पर बात की और वरिष्ठ नागरिक अधिनियम के तहत आवश्यक कार्रवाई करते हुए बुजुर्ग को उनका अधिकार दिलाने का निर्देश दिया।
वहीं, एक युवती ने शिकायत की कि उसकी शादी तय हो चुकी है, लेकिन दो युवक सोशल मीडिया पर उसके बारे में आपत्तिजनक और गलत जानकारी प्रसारित कर रहे हैं। डीसी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक को जांच कर आरोपियों की पहचान करने और नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
बिजली, पेंशन और रोजगार से जुड़ी शिकायतें
दिव्यांग प्रमाण पत्र बनवाने पहुंचे दंपती को डीसी ने बताया कि प्रत्येक महीने की 12 तारीख को सदर अस्पताल में विशेष शिविर आयोजित होता है। उन्होंने संबंधित अधिकारी को आवश्यक प्रक्रिया शुरू कराने का निर्देश दिया।
जनता दरबार में बिजली के अधिक बिल, स्मार्ट मीटर और उपभोक्ता नंबर से जुड़ी कई शिकायतें भी सामने आईं। एक शिकायतकर्ता ने ऑफलाइन बिल जमा करने के नाम पर राशि लेने के बावजूद रसीद नहीं देने का आरोप लगाया। डीसी ने मामले की जांच कर रिपोर्ट तलब की।
करमाटांड़ के खिलाड़ियों ने खेल मैदान में बिजली, पेयजल और ओपन जिम की मांग रखी। इसके अलावा आंगनबाड़ी चयन, स्कूल में शिक्षक की लापरवाही, मध्याह्न भोजन में अनियमितता, मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना, मनरेगा मजदूरी, आवास, जलजमाव और सरकारी जमीन पर अतिक्रमण जैसी शिकायतें भी आईं।
डीसी आलोक कुमार ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता है कि आम लोगों को अपनी समस्या लेकर सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। सभी पात्र मामलों में समय पर कार्रवाई हो और अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए। जनता दरबार प्रत्येक मंगलवार को सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक आयोजित किया जाता है।
संवाददाता — संतोष कुमार, जामताड़ा





