भागलपुर जिले के सुल्तानगंज थाना परिसर में चैती नवरात्र, रामनवमी और ईद पर्व को लेकर शांति समिति की अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रशिक्षु एएसपी सयाम रजा ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में डीएसपी नवनीत कुमार मौजूद रहे। इस अवसर पर इंस्पेक्टर मृत्युंजय कुमार, कृष्णानंद कुमार, नगर सभापति राज कुमार गुड्डू और नगर उपसभापति नीलम देवी सहित कई जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए।

 

बैठक में वार्ड पार्षदों, विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, हनुमान मंदिर और चैती दुर्गा मंदिर के अध्यक्षों के साथ-साथ दरगाह कमेटी के सदस्यों ने भी भाग लिया। सभी ने मिलकर आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने पर जोर दिया।

 

प्रशिक्षु एएसपी सयाम रजा और डीएसपी नवनीत कुमार ने संयुक्त रूप से लोगों से अपील की कि सभी धर्मों के पर्व को आपसी भाईचारे के साथ मनाएं और किसी भी प्रकार की अफवाहों से दूर रहें। बैठक में डीजे के उपयोग पर प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया गया, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे। साथ ही मंदिरों के लाइसेंस की समीक्षा करते हुए संबंधित समितियों को अपना लाइसेंस नवीनीकरण कराने का निर्देश दिया गया।

 

अजगैविनाथ धाम में चैती छठ को लेकर विशेष सुरक्षा व्यवस्था पर भी विस्तार से चर्चा की गई। छठ घाटों पर पुलिस बल, महिला पुलिस बल और अतिरिक्त सुरक्षा बल की तैनाती सुनिश्चित करने की बात कही गई, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। इसके अलावा शहर के विभिन्न इलाकों में भी सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दिया गया।

 

इस मौके पर वार्ड पार्षद पंकज यादव, नवीन कुमार बन्नी, सुभाष कुमार, विनोद रजक, विभुति कुमार विकल्प, रुबी देवी, संजय चौधरी, सांसद प्रतिनिधि पवन केसान, पूर्व वार्ड पार्षद रामायण शरण गुप्ता, जदयू नेता नोमान अंसारी, प्रेम प्रभात सिन्हा, रानी झा, राजद नेता कैलाश प्रसाद यादव, अफरोज आलम, मो. मंजूर, मो. मेराज सहित कई सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ता मौजूद रहे।

 

बैठक का मुख्य उद्देश्य सभी समुदायों के बीच समन्वय स्थापित कर त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना रहा।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *